नई दिल्ली : भारत के स्टार शटलर आयुष शेट्टी ने 17 अगस्त को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत की। उन्होंने पहले ही दौर में चीन के विश्व नंबर-1 खिलाड़ी शी यू की को हराकर बड़ा उलटफेर किया और शानदार अंदाज में दूसरे दौर में जगह बनाई। आयुष की इस जीत को भारतीय बैडमिंटन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने भी अपने पहले दौर के मुकाबले में आसान जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया था।
2025 में यूएस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट जीतने वाले शेट्टी ने दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी को आसानी से हरा दिया। उन्होंने पहला गेम 21-14 से जीता और फिर दूसरे गेम में 13-21 से पिछड़ गए। फिर तीसरे गेम में भारतीय शटलर ने बेहतरीन वापसी की और 21-19 से शानदार जीत अपने नाम की। पिछले एक डेढ़ साल से आयुष शेट्टी का शानदार फॉर्म जारी रहा है।
बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भी वह पुरुष सिंगल्स में 1965 के बाद भारत के पहले फाइनलिस्ट बने थे। इसके अलावा इसी साल अप्रैल में कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप में भी आयुष शेट्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। 21 वर्षीय भारतीय शटलर ने वहां ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिडसार्न को मात दी थी।
भारतीय शटलरों का शानदार प्रदर्शन, सिंधु के साथ तीनों जोड़ियों ने भी जीता पहला मैच
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला दिन शानदार रहा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। सिंधु ने महज 29 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके अलावा त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने भी महिला युगल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं, पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने भी अपने शुरुआती मुकाबले में जीत दर्ज कर दूसरे दौर का टिकट कटाया।


