NST News | जबलपुर। महाकौशल क्रीड़ा परिषद, जबलपुर द्वारा अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती के अवसर पर रविवार को रानीताल खेल परिसर में हॉकी मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के वीर सपूतों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और खिलाड़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद मंगल पांडे के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने मंगल पांडे के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए ऐतिहासिक योगदान और उनकी शहादत पर प्रकाश डालते हुए युवा खिलाड़ियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में नवोदित हॉकी खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत भी किया गया। खेलधानी जबलपुर के वरिष्ठ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रशांत मिश्रा, अरुण यादव (लड्डू भैया), कुलदीप सिंह बरार, दिनेश ठाकुर, राजेशकांत सोनकर (राज), डॉ. राजेंद्र पिल्लै, धर्मेंद्र कुशवाहा, संदीप वर्मा, राजू स्वामी, मोहम्मद शकील, अकबर खान और जाकिर अली सहित अनेक खेल हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में राकेश श्रीवास ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


