एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल में राज्य स्तरीय फुटसल चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। Hazrat Nizamuddin Football Club द्वारा ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें इस बार एक नई पहल के तहत गर्ल्स टीम को भी शामिल किया जा रहा है। क्लब के अनुसार, यह पहला मौका होगा जब उनकी महिला टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।
पिछले वर्ष क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट फुटसल लीग का खिताब अपने नाम किया था और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई थी। इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस बार लड़कियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। ट्रायल्स का आयोजन 11 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे से 9 बजे तक कोलार रोड स्थित मानसरोवर स्कूल टर्फ पर किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
क्लब के हेड कोच Faisal Hussain ने बताया कि मध्य प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और अवसर की होती है। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका दिया जाएगा, जिससे वे अपने करियर को नई दिशा दे सकें। ट्रायल्स में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं।


