नई दिल्ली : WWE रेसलमेनिया 42 के बाद से ब्रॉक लैसनर के रिटायरमेंट को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। ओबा फेमी से हारने के बाद उन्होंने अपने सभी गियर्स रिंग में छोड़ दिए थे, जिसके बाद वह बेहद भावुक नजर आए थे और पॉल हेमन को गले लगाकर रोते हुए भी देखे गए थे। अब ‘द बीस्ट’ ने एक बार फिर रिंग में जोरदार वापसी कर ली है।
मंडे नाइट रॉ के हालिया एपिसोड में उन्होंने धमाकेदार एंट्री करते हुए ओबा फेमी पर हमला बोला और उन्हें बुरी तरह धराशायी कर दिया। ब्रॉक लैसनर ने रॉ के एपिसोड में ओबा फेमी की एंट्री के दौरान अचानक एंट्री की और पीछे से उनके ऊपर हमला कर लिया। लैसनर ने फेमी को संभलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने एक के बाद एक लगातार चार F-5s मूव फेमी को लगाए और चित कर दिया। इसका वीडियो भी WWE ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया।
Clash in Italy में देखने को मिलेगी जबरदस्त भिड़ंत
इस वाकिये के बाद ओबा फेमी भी चुप नहीं बैठेंगे। पिछले कई रॉ एपिसोड में लगातार वह सभी रेसलर्स को ओपन चैलेंज कर रहे थे। अब ब्रॉक लैसनर ने अपनी एंट्री से सभी को बता दिया है कि वह रिटायर नहीं हुए हैं। अब अटकलें हैं कि 31 मई को होने वाले Clash In Italy में दोनों का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
क्या ब्रॉक लैसनर के रिटायरमेंट को लेकर फिर से तेज हुई अटकलें?
इसके अलावा अगस्त में होने वाले समरस्लैम इवेंट पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इस बार यह शो ब्रॉक लैसनर के होमटाउन में आयोजित किया जा रहा है, जिससे उनके रिटायरमेंट को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कंपनी इस इवेंट को खास बनाने की योजना पर काम कर रही है और इसी वजह से माना जा रहा है कि समरस्लैम में लैसनर के रिटायरमेंट का ऐलान भी हो सकता है। इससे पहले एजे स्टाइल्स ने भी अपने होमटाउन में आयोजित एक इवेंट में रिंग को अलविदा कहा था, जिससे इन चर्चाओं को और भी बल मिल रहा है।


