महिला टी20 विश्व कप: नीदरलैंड्स से भिड़ेगा भारत, शेफाली और डलीडे पर रहेंगी नजरें

0

NST NEWS, लीड्स। महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने दूसरे मुकाबले में उतरेगी। पाकिस्तान को 64 रन से हराकर आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, जबकि विश्व कप में पहली बार खेल रही नीदरलैंड्स अपनी पहली जीत की तलाश में होगी। भारत और नीदरलैंड्स की महिला टीमें पहली बार किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आमने-सामने होंगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों देशों के बीच 2000 के बाद यह पहला मुकाबला होगा।

भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा पर सभी की नजरें रहेंगी। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में वह केवल छह रन बनाकर आउट हो गई थीं। हालांकि उन्होंने गेंदबाजी में एक विकेट भी हासिल किया था। पिछले कुछ महीनों में शेफाली का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए फॉर्म में वापसी का अच्छा अवसर माना जा रहा है। दूसरी ओर नीदरलैंड्स की कप्तान बैबेट डलीडे टीम की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। डलीडे की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।

भारतीय टीम में बदलाव की संभावना कम नजर आ रही है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ ही उतरने की उम्मीद है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मांधना, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा से एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। मुकाबला इंग्लैंड के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा। मौसम विभाग ने सुबह हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन शाम के मैच पर इसका असर पड़ने की संभावना कम है। पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है और यहां बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं। भारत की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह मजबूत करने पर होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here