चेन्नई: चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है और अब इसका आयोजन बुधवार के बजाय गुरुवार को होगा। आयोजकों को यह फैसला उस समय लेना पड़ा जब टूर्नामेंट के आयोजन स्थल होटल में आग लग गई। हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, लेकिन सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट को एक दिन के लिए टालना पड़ा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत सहित कई अंतरराष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स का तीसरा संस्करण है और शतरंज प्रेमियों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय ग्रैंडमास्टर और टूर्नामेंट के निदेशक श्रीनाथ नारायण ने एक्स पर लिखा, ‘पिछली रात होटल में आग लग गई जहां चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स होना था। सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं और उन्हें पास के एक अन्य होटल में भेजा गया है। टूर्नामेंट एक दिन के लिए स्थगित किया जाता है।’ खिलाड़ियों को अंततः होटल वापस लाया गया, लेकिन सुरक्षा जांच के बाद टूर्नामेंट एक दिन बाद शुरू होगा।
शेड्यूल में बदलाव नहीं, निर्धारित समय पर होंगे सभी मुकाबले
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई के होटल हयात रीजेंसी के नौवें तल्ले पर आग लगने की वजह से पूरे होटल में धुआं भर गया, जिससे सभी को तत्काल बाहर निकाला गया। इस घटना के दौरान खिलाड़ियों और अन्य लोगों को सांस लेने में कठिनाई हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का समय पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन अब कार्यक्रम से रेस्ट डे को हटा दिया गया है। आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट 15 अगस्त को ही समाप्त होगा, जैसा कि पहले तय था। चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स की पुरस्कार राशि एक करोड़ रुपये है। इस प्रतियोगिता में भारत के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरिगेसी, अनुभवी विदित गुजराती और नीदरलैंड के अनीश गिरी जैसे नामी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
विश्व के पांचवें नंबर के खिलाड़ी एरिगेसी अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के अवॉन्डर लियांग के खिलाफ करेंगे। पहली बार इसमें मास्टर्स और चैलेंजर्स वर्ग में क्लासिकल राउंड रॉबिन प्रारूप में नौ से अधिक दौर खेले जाएंगे। इससे पहले दो सत्र में सात दौर ही खेले जाते थे। इसमें 19 ग्रैंडमास्टर्स भाग लेंगे और फिडे सर्किट अंक भी मिलेंगे जो 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह पाने के लिए अहम होंगे। टूर्नामेंट में निहाल सरीन और जर्मनी के विंसेंट केमेर जैसे खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। चैलेंजर्स वर्ग में डी हरिका, आर वैशाली, हर्षवर्धन जीबी, अभिमन्यु पुराणिक, ग्रैंडमास्टर अधिबान भास्करन भी हिस्सा लेंगे।


