नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी का चयन अब भारतीय क्रिकेट टीम में हो चुका है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय चयनकर्ताओं को इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनके प्रदर्शन ने लगातार क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी अलग-अलग मौकों पर इस युवा खिलाड़ी की तारीफ कर चुके हैं। अब साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने बड़ा बयान देते हुए भविष्यवाणी की है कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में सचिन और विराट से भी बड़े स्टार बन सकते हैं।
एसए 20 के पांचवें सीजन से पहले आयोजित समारोह में स्टेन ने यह बड़ा बयान दिया है। हालांकि, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट को संभालकर इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो हम वैभव जैसे टैलेंट को खो भी सकते हैं। साथ ही वैभव के खिलाफ आईपीएल में कगिसो रबाडा द्वारा की गई प्लानिंग को उन्होंने बेस्ट बताया है।
क्या बोले डेल स्टेन इस युवा स्टार के बारे में?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डेल स्टेन ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं। वह मौजूदा समय में भी कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। यह वंडर ब्वॉय भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक अमूल्य धरोहर हैं। लोग अक्सर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की तुलना करते हैं, लेकिन यह बच्चा आने वाले समय में अपने करियर के अंत तक इन दोनों से भी बड़ा क्रिकेटर बन सकता है।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टेन ने आगे बोर्ड और भारतीय मैनेजमेंट को नसीहत देते हुए कहा, ”मैं इस बात के लिए अलर्ट करना चाहता हूं कि आप उनको (वैभव को) मैनेज कैसे करते हैं। आप कैसे उनका ध्यान रखते हैं यह भी देखने वाली बात होगी। बड़ी जिम्मेदारी के साथ बड़ा इनाम भी मिलता है। लेकिन इससे बड़ा खतरा भी है अगर आप उनका ध्यान नहीं रखेंगे तो आप उन्हें खो भी सकते हैं।”
रबाडा बन सकते हैं वैभव सूर्यवंशी के लिए बड़ी चुनौती
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 पारियों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 72 छक्के भी लगाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, ट्रेंट बोल्ट और कगिसो रबाडा जैसे कई दिग्गज गेंदबाज भी पूरी तरह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।
इसी बीच डेल स्टेन का मानना है कि इन सभी गेंदबाजों में से कगिसो रबाडा की योजना वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ सबसे अधिक प्रभावी साबित हो सकती है और वह उन्हें रोकने में सबसे बेहतर विकल्प हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डेल स्टेन ने कहा, “मुझे लगता है कि कगिसो रबाडा ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और उनका अच्छा टेस्ट लिया। आप उन्हें उछाल से टेस्ट कर सकते हैं, क्योंकि वह अभी युवा हैं। आज के समय में सिर्फ गति से डराना इतना प्रभावी नहीं है। इसलिए उनके खिलाफ शॉर्ट बॉल एक बेहतर विकल्प हो सकता है।”


