रॉयल निमाड़ ईगल्स ने रोमांचक मुकाबले में रीवा जगुआर्स को 3 विकेट से हराया

0

इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने रीवा जगुआर्स को तीन विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबले में ईगल्स ने 131 रन के लक्ष्य को 19.3 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 11 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद आनंद बैस और कप्तान सारांश जैन ने चौथे विकेट के लिए 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। सारांश जैन ने 26 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि आनंद बैस ने 56 गेंदों में 64 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

मुकाबले के अंतिम ओवरों में रीवा जगुआर्स ने वापसी की कोशिश की और लगातार विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया। हालांकि अभिषेक मावी ने संयम बनाए रखते हुए 8 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए और टीम को जीत दिला दी। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा जगुआर्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। 22 रन पर दो विकेट गिरने के बाद अरहम अकील और अश्विन दास ने 41 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। अश्विन दास ने 18 रन और अरहम अकील ने 29 गेंदों में 33 रन बनाए। अंतिम ओवरों में अथर्व महाजन ने नाबाद 33 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसकी बदौलत रीवा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बना सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here