जिम्बाब्वे दौरे पर सूर्यवंशी, रिंकू और तेज गेंदबाजों पर रहेंगी सबकी नजर

0

हरारे। इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो टी20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम गुरुवार से शुरू हो रही जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में नई शुरुआत के इरादे से उतरेगी। कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में टीम की नजर जीत की राह पर लौटने के साथ युवा खिलाड़ियों को परखने पर भी होगी। इस दौरे पर वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और भारत के नए तेज गेंदबाजी आक्रमण का प्रदर्शन सबसे अधिक चर्चा में रहेगा।

संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास खुद को टी20 टीम में स्थायी स्थान दिलाने का बेहतरीन मौका होगा। इंग्लैंड दौरे पर वे 14, 13 और 15 रन ही बना सके थे, लेकिन हरारे का मैदान उनके लिए खास है, जहां उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर भी लगातार दो सीरीज हारने के बाद अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से खुद को साबित करना चाहेंगे। रिंकू सिंह पर भी फिनिशर की भूमिका में बड़ी जिम्मेदारी होगी। आईपीएल 2026 के दूसरे चरण में तकनीकी बदलाव के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार रन बनाए थे।

गेंदबाजी विभाग में मयंक यादव की वापसी पर सभी की नजरें रहेंगी, जिन्होंने चोट से उबरने के बाद अभी तक अपनी पुरानी लय हासिल नहीं की है। इसके अलावा 150 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले युवा तेज गेंदबाज आशीष (अशोक) शर्मा और विदर्भ के यश ठाकुर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए नए खिलाड़ियों को परखने और आगामी टी20 अभियानों की मजबूत नींव रखने का अहम अवसर मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here