दिल्ली का विजय अभियान जारी, शानदार प्रदर्शन के दम पर अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंची

0

नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्या का शानदार प्रदर्शन जारी है। रेलवे के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 30 गेंदों पर नाबाद 56 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इससे पहले प्रियांश ने तमिलनाडु के खिलाफ पिछले मैच में 181 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। वह अब तक टूर्नामेंट की सात पारियों में कुल 418 रन बना चुके हैं।

उनकी शानदार फॉर्म के दम पर दिल्ली ने रेलवे को आठ विकेट से हराया और ग्रुप चरण का समापन जीत के साथ किया। सात मुकाबलों में यह दिल्ली की पांचवीं जीत रही। प्रियांश आर्या ने जहां बल्ले से जलवा बिखेरा। वहीं दिल्ली के लिए गेंदबाजी में सुयश शर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 14 रन दिए और तीन विकेट अपने नाम किए। सुयश के अलावा रजनीश दादर ने 3 और दिग्वेश राठी ने 2 विकेट अपने नाम किए।

तेजस्वी का पावर शो, 16 गेंदों में जड़ दिए 42 रन

इस मुकाबले में पहले खेलते हुए रेलवे की टीम 19.5 ओवर में 122 रन बनाकर सिमट गई थी। जवाब में दिल्ली ने प्रियांश के बेहतरीन अर्धशतक और तेजस्वी दहिया के 16 गेंद पर तूफानी 42 रन की बदौलत 11.1 ओवर में ही दो विकेट गंवाकर 127 रन बनाए और 8 विकेट से मैच जीत लिया। तेजस्वी ने अपनी पारी में 1 चौका और पांच छक्के लगाए। जबकि प्रियांश ने 8 चौके और दो छक्के जड़े।

नितीश राणा का बल्ला फिर नहीं चला और वह सिर्फ 4 रन ही बना पाए। प्रियांश आर्या के साथी ओपनर यश ढुल ने भी 18 रन का ही योगदान दिया। दिल्ली ने इसी के साथ अपनी पांचवीं जीत दर्ज करते हुए एलीट ग्रुप बी में नंबर 1 स्थान कब्जा लिया। सात मैचों में पांच जीत और 2 हार के बाद उसके 20 अंक हो गए।

दिल्ली बनाम रेलवे मैच के बाद एलीट ग्रुप बी की अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक नेट रन रेट
1 दिल्ली 7 5 2 0 20 +3.220
2 सौराष्ट्र 6 4 2 0 16 +0.478
3 पंजाब 6 4 2 0 16 +0.309
4 हरियाणा 7 4 3 0 16 +0.159
5 जम्मू-कश्मीर 7 4 3 0 16 -0.908
6 तमिलनाडु 6 2 4 0 8 -0.495
7 बिहार 6 2 4 0 8 -1.205
8 रेलवे 7 1 6 0 4 -1.598

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here