नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट 2026-27 के 7वें चरण के मुकाबले में संजू सैमसन की कप्तानी में केरल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन की शतकीय पारी के दम पर हिमाचल प्रदेश की टीम को 67 रन से हरा दिया। ये केरल की 7वें मैच में 5वीं जीत रही तो वहीं इस मैच में हिमाचल प्रदेश के लिए टीम के विकेटकीपर वैभव कल्टा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
इस मुकाबले में केरल ने टॉस जीता था और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। केरल ने पहले खेलते हुए पहली पारी में 20 ओवर में 4 विकेट पर 268 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हिमाचल प्रदेश को जीत के लिए 269 का लक्ष्य मिला था, लेकिन ये टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 201 रन ही बना पाई और उसे हार झेलनी पड़ी। मोहम्मद अजहरुद्दीन को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मोहम्मद अजहरुद्दीन का शतक, संजू सैमसन की कप्तानी पारी से केरल की शानदार जीत
केरल ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की और टीम के ओपनर मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शानदार बैटिंग करते हुए 57 गेंदों पर 101 रन 6 छक्के और 8 चौकों की मदद से बनाए। वहीं कप्तान संजू सैमसन ने भी जोरदार पारी खेली और 21 गेंदों पर 44 रन ठोक डाले। संजू ने अपनी पारी के दौरान 2 छक्के और 5 चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 209.52 का रहा। केरल के लिए रोहन कुल्लूमल ने भी 16 गेंदों पर 35 रन तो वहीं सलमान निगार 26 रन बनाकर नाबाद रहे। विष्णु विनोद ने भी 22 रन जबकि अब्दुल बासिथ ने 5 गेंदों पर नाबाद 24 रन 480.00 की स्ट्राइक रेट से बनाए।
केरल के विशाल स्कोर के सामने हिमाचल की टीम ने भी अच्छा प्रयास किया और इस टीम के लिए वैभव कल्टा ने 7वें नंबर पर आकर 28 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए और इस दौरान 4 छक्के और 3 चौके भी लगाए। आर्यमान सिंह ने भी 30 रन की पारी खेली, लेकिन ये दोनों टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। हिमाचल के ओपनर आयुष 4 रन तो वहीं दूसरे ओपनर वैभव शर्मा भी 3 रन के स्कोर पर आउट हुए। इसके अलावा एकांत सेन ने 39 रन तो कप्तान पुखराज मान ने 29 रन की परी खेली। नेहल वढेरा का बल्ला नहीं चला और वो 3 रन बनाकर आउट हो गए। केरल के लिए इस मैच में वैशाख चंद्रन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।


