FIFA 2026: शानदार प्रदर्शन के दम पर इस टीम ने कटाया वर्ल्ड कप का टिकट

0

नई दिल्ली: फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन कनाडा, मैक्सिको और संयुक्त राज्य अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए अब मिस्र की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने क्वालीफाई कर लिया है। पिछले कुछ समय से मिस्र की टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही थी, और अब उसके मेहनत और जुनून का फल उसे वर्ल्ड कप के टिकट के रूप में मिल गया है। यह क्वालीफिकेशन मिस्र के फुटबॉल इतिहास के लिए एक और गौरवपूर्ण अध्याय है, जिससे फैन्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

मोहम्मद सलाह के दमदार प्रदर्शन से मिस्र ने दर्ज की जीत

मिस्र ने जिबूती की टीम के खिलाफ शानदार 3-0 से जीत दर्ज की है। इसमें स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने दमदार खेल दिखाया और टीम को जिताने में अहम भूमिका अदा की। मिस्र के आगे विरोधी टीम टिक नहीं पाई और एक भी गोल करने में सफल नहीं हो पाई। जीत दर्ज करते ही मिस्र ने अगले साल होने वाले फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए एंट्री मार दी। जीत के बाद यह सुनिश्चित हो गया कि मिस्र एक राउंड शेष रहते अफ्रीकी क्वालीफाइंग के अपने ग्रुप में टॉप पर रहेगा।

अफ्रीका से तीसरी टीम के रूप में मिस्र ने कटाया फीफा वर्ल्ड कप का टिकट!

मिस्र अमेरिका में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी अफ्रीकी टीम है। उससे पहले मोरक्को और ट्यूनीशिया ने विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली थी। मोहम्मद सलाह के अलावा इब्राहिम अदेल ने भी मिस्र के लिए गोल किया। अफ्रीका से कुल नौ टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। मिस्र ने इससे पहले 2018 में विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था लेकिन तब

उसे अपने तीनों ग्रुप मैच में मेजबान रूस, उरुग्वे और सऊदी अरब से हार का सामना करना पड़ा था। बुर्किना फासो सिएरा लियोन पर 1-0 की जीत के बाद ग्रुप ए में मिस्र के बाद दूसरे स्थान पर है, जबकि इथियोपिया ने गिनी बिसाऊ को 1-0 से हराया। इस बीच केप वर्डे ने 3-1 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए लीबिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला जिससे वह पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के करीब पहुंच गया।

19 टीमें फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए कर चुकी हैं क्वालीफाई

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अभी तक कुल 19 टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, इरान, जापान, जोर्डन, साउथ कोरिया, उज्बेकिस्तान, मिस्र, मोरक्को, टूनिशिया, कनाडा, मैक्सिको, यूनाटेड स्टेट, अर्जेंटीना, ब्राजील, कोलंबिया, इक्वाडोर, परागुवे, उरुगुवे और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here