शिमला में दक्षिण एशियाई टेबल टेनिस का शानदार आगाज, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

0

शिमला : इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में बुधवार से दक्षिण एशियाई टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जहां पहले ही दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। इस प्रतियोगिता में भारत के साथ नेपाल, श्रीलंका, मालदीव और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। पहले दिन लीग स्तर के मुकाबले खेले गए, जिसमें भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने जीत दर्ज की। अंडर-19 महिला वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीसरे राउंड में जगह बना ली।

पहले राउंड में बाई मिलने के बाद दूसरे राउंड में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से हराया। इससे पहले श्रीलंका ने नेपाल को 3-1 से मात दी थी। मालदीव ने बांग्लादेश को हराया, जबकि नेपाल ने दूसरे दौर में वापसी करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से पराजित किया। इसी तरह अंडर-15 लड़कों के वर्ग में भारत ने दूसरे दौर में मालदीव को 3-0 से मात दी। इसमें आदित्य दास, अक्षय किरकारा और आकाश राजवेलु ने अपने मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। श्रीलंका ने शुरुआती दौर में बांग्लादेश को 3-0 से हराया था।

अंडर-15 लड़कियों के वर्ग में मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां मालदीव ने नेपाल को 3-2 से हराकर करीबी जीत दर्ज की, जबकि श्रीलंका ने बांग्लादेश को 3-0 से एकतरफा मुकाबले में मात दी। वहीं अंडर-19 लड़कों के वर्ग में नेपाल ने शुरुआती पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए बांग्लादेश को 3-2 से पराजित किया, जबकि श्रीलंका ने मालदीव के खिलाफ आसान जीत हासिल की। अंडर-19 लड़कों और अंडर-15 लड़कियों की श्रेणियों में दूसरे दौर के मुकाबले अभी खेले जाने बाकी हैं, जो आने वाले दिनों में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत काफी रोमांचक रही है और आगे और भी कड़े मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, हिमाचल प्रदेश के खेल निदेशक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here