नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 15वां मुकाबला गुरुवार, 9 अप्रैल को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। इस मैच में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। आईपीएल 2026 में केकेआर ने अब तक तीन मैच खेले हैं, लेकिन अभी तक उसे जीत नहीं मिली है। हालांकि, अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होने के कारण टीम के खाते में एक अंक जरूर जुड़ गया है।
ऐसे में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स की नजर मैच जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर करने की होगी। हालांकि, मैच के दौरान बारिश का साया है। मैच से ठीक एक दिन पहले बारिश के कारण दोनों टीमों के ट्रेनिंग सेशन पर असर पड़ा। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का इस सीजन यह तीसरा मैच है। इससे पहले उसने एक मैच जीता है, जबकि एक में हार झेली है। वह आईपीएल 2026 की अंक तालिका में सातवें नंबर पर है।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स हेड 2 हेड
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स का पलड़ा भारी है। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक छह मैच खेले गए हैं। इसमें से लखनऊ सुपर जायंट्स् ने चार में जीत हासिल की है। केकेआर ने दो में जीत हासिल की है। ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबलों में ऋषभ पंत की टीम आगे है। कोलकाता में लखनऊ सुपर जायंट्स ने तीन में से दो में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया है। एक में केकेआर जीती है।
ईडन गार्डन की पिच का हाल और खेल की स्थिति
यह मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जिस पर पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला हुआ था यानी पिच नंबर 6 पर। हाल के समय में ईडन गार्डन की पिचें बल्लेबाजों के लिए मददगार रही हैं और इसमें कोई बदलाव होने की संभावना कम ही है। हालांकि, बारिश की भी संभावना है। मैच से एक दिन पहले आसमान में बादल छाए हुए थे और मैच के दिन सूरज डूबने के समय बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसका मतलब है कि बारिश फिर मैच में खलल डाल सकती है। बुधवार को तेज हवाओं और बारिश के कारण टीमों का अभ्यास सत्र भी बाधित हुआ था।
कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग 12
सुनील नरेन पेट दर्द के कारण पंजाब किंग्स के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। मैच की सुबह ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी। मैच से पहले के दोनों दिन उन्होंने प्रैक्टिस की थी। अब वह खेलने के लिए तैयार हैं। वरुण चक्रवर्ती बाईं छोटी अंगुलि की चोट से उबर रहे हैं। हालांकि, उनके खेलने का फैसला टॉस के समय ही लिया जाएगा। अगर वह नहीं खेलते हैं तो KKR शायद नवदीप सैनी को ही टीम में रखेगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो किसी खिलाड़ी की उपलब्धता को लेकर कोई समस्या नहीं है। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में LSG के स्पिन गेंदबाजी कोच कार्ल क्रो ने इस बारे में पूछे जाने पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि मयंक यादव को टीम में जगह देना एक चुनौती भरा काम रहा है। खासकर तब जब टीम का गेंदबाजी आक्रमण इतना मजबू है। इससे यह संकेत मिलता है कि KKR के खिलाफ मैच में भी टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण मौजूदा स्वरूप में ही बना रहेगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग XII: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती/नवदीप सैनी, ब्लेसिंग मुजरबानी, वैभव अरोड़ा।
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित प्लेइंग XII: एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, शाहबाज अहमद/मणिमारन सिद्धार्थ, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 15वां मैच, कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
मैच की तारीख: 09 अप्रैल 2026 (गुरुवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: ईडन गार्डन, कोलकाता।
सीधा प्रसारण: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध होगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े प्रमुख आंकड़े
- IPL 2024 के बाद से ऋषभ पंत ने स्पिन के खिलाफ सिर्फ 117.12 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जिसमें बाउंड्री का प्रतिशत 14.35 रहा है।
- IPL 2026 में स्पिन के मामले में KKR के आंकड़े फिलहाल सबसे खराब हैं। उनका इकॉनमी रेट 11.07, स्ट्राइक रेट 48.5 और बाउंड्री प्रतिशत 25.77 है।
- सभी टीमों में सीमर्स के खिलाफ़ भी KKR का इकॉनमी रेट सबसे खराब (10.83) है, हालाँकि उनका स्ट्राइक रेट (17.5) तीसरा सबसे अच्छा है।
- मोहम्मद शमी का इस सीज़न में अब तक पावरप्ले में इकॉनमी रेट 4.00 रहा है। यह कम से कम तीन ओवर फेंकने वाले अन्य किसी भी गेंदबाज से बेहतर है।
- अजिंक्य रहाणे का IPL में शमी के खिलाफ रिकॉर्ड काफी मजबूत है। उन्होंने इस तेज गेंदबाज के खिलाफ 165 के स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए हैं और कभी आउट नहीं हुए।
- आयुष बदोनी तीन IPL पारियों में चार बार सुनील नरेन का शिकार बने हैं।
आईपीएल 2026 में केकेआर का पावरप्ले में रन रेट 11.29 है। यह मिडिल ओवर्स में 9.30 रह जाता है।
कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का फुल स्क्वॉड
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे, तेजस्वी दहिया, सौरभ दुबे, सुनील नरेन, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, सार्थक रंजन, रचिन रविंद्र, प्रशांत सोलंकी, वरुण चक्रवर्ती, मथीशा पथिराना, उमरान मलिक, दक्ष कामरा।
लखनऊ सुपर जाइंट्स टीम: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव, मैथ्यू ब्रीट्जके, शाहबाज अहमद, एनरिक नॉर्खिया, हिम्मत सिंह, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, नमन तिवारी, अर्शिन कुलकर्णी, मयंक प्रभु यादव, आकाश महाराज सिंह, अर्जुन तेंदुलकर, मोहसिन खान, वानिंदु हसरंगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के अगले तीन मुकाबले
कोलकाता नाइट राइडर्स
14 अप्रैल: बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, चेन्नई
17 अप्रैल: बनाम गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद
18 अप्रैल: बनाम राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता
लखनऊ सुपर जायंट्स
12 अप्रैल: बनाम गुजरात टाइटंस, लखनऊ
15 अप्रैल: बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बेंगलुरु
19 अप्रैल: बनाम पंजाब किंग्स, न्यू चंडीगढ़


