नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेना है, जिसकी शुरुआत 13 सितंबर से होगी। इसके बाद टीम इंडिया एशियन गेम्स 2026 में भी मैदान पर उतरेगी। इन दोनों अहम आयोजनों से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग सकता है। दरअसल, तेज गेंदबाज हर्षित राणा के अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर होने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं, एशियन गेम्स 2026 में उनकी भागीदारी को लेकर भी संशय बना हुआ है। ऐसे में हर्षित की उपलब्धता भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।
हर्षित राणा की फिटनेस पर सस्पेंस, पूरी तरह फिट नहीं हुए
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के लिए और समय चाहिए। हर्षित राणा ने अपना आखिरी मैच 7 जुलाई, 2026 को ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हर्षित राणा अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए हैं और उन्हें अभी पूरी तरह से फिट होने में और समय लगेगा। हर्षिक को इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी।
हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर था। यही नहीं हर्षित 2026 एशियन गेम्स के लिए भी भारत की टीम का भी हिस्सा हैं और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब एशियन गेम्स में उनके खेलने पर भी खतरा मंडरा रहा है। एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला मैच 28 सितंबर को होना है।
हालांकि ये खबर सामने आई है कि स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर जो चोटिल थे वो अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार हैं जबकि भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर नितीश रेड्डी भी वापसी की राह पर हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुमराह और नितीश दोनों ही अपनी वापसी की राह पर हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह।


