नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज के बाद अब भारतीय टीम का ध्यान टी20 मुकाबलों पर केंद्रित है। कैनबरा में टीम इंडिया ने 5 मैचों की टी20 सीरीज की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप 2026 की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव पर प्रदर्शन को लेकर भारी दबाव रहेगा। कप्तानी संभालने के बाद से उनका बल्ला अपेक्षित रन नहीं निकाल पा रहा है, जिसके चलते वे आलोचकों के निशाने पर हैं। उनकी हालिया खराब फॉर्म को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के चैंपियन बनने के बाद रोहित शर्मा ने संन्यास ले लिया था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को भारत की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया। 35 साल के इस खिलाड़ी ने श्रीलंका दौरे पर पहली बार स्थाई कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से वह 20 पारियों में 11 बार दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। 20 पारियों में दो अर्धशतक की मदद से 330 रन बनाए हैं। 18.33 का औसत और स्ट्राइक रेट 142.85 का है। वह तीन बार बगैर खाता खोले आउट हुए हैं।
सूर्यकुमार यादव का फ्लॉप शो जारी, पिछली 11 पारियों में सिर्फ 100 रन
एशिया कप 2025 में भी सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म जारी रही। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 7 पारियों में सिर्फ 72 रन बनाए। साल 2025 में अब तक खेले गए 11 मैचों में सूर्यकुमार ने मात्र 105.26 के स्ट्राइक रेट से 100 रन ही जोड़े हैं। खास बात यह है कि उन्हें आखिरी बार अर्धशतक लगाए एक साल से ज्यादा का समय हो चुका है। सूर्या ने पिछला पचास प्लस स्कोर 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई 75 रनों की पारी में बनाया था।
क्या कप्तानी का बोझ सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी पर पड़ा भारी?
क्या सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी पर कप्तान बनने से असर पड़ा है? क्या वह कप्तान दबाव बल्लेबाजी पर दिख रहा है? ये सवाल उठने लाजमी हैं क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में मुंबई इंडियंस के लिए उन्होंने 16 पारियों में 167.90 के स्ट्राइक रेट से 717 रन ठोके थे। आईपीएल 2025 से पहले भी वह इंटरनेशनल क्रिकेट में जूझ रहे थे और उसके बाद भी हालात ऐसे ही हैं।
सूर्यकुमार यादव के समर्थन में आए गौतम गंभीर, दी बड़ी प्रतिक्रिया
भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने जियो हॉटस्टार पर बातचीत के दौरान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म को लेकर अपनी राय रखी। जब उनसे सूर्या के लगातार खराब प्रदर्शन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है। गंभीर ने बताया कि जब कोई खिलाड़ी आक्रामक क्रिकेट खेलता है, तो उसके फेल होने की संभावना भी रहती है। उन्होंने आगे कहा कि सूर्यकुमार के लिए 30 गेंदों में 40 रन बनाना और आलोचना से बचना आसान है, लेकिन टीम ड्रेसिंग रूम में यह तय है कि अगर कोई खिलाड़ी सकारात्मक और आक्रामक रवैया अपनाते हुए आउट होता है, तो उसमें कोई समस्या नहीं है।


