नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल 30 अक्टूबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। लीग चरण में भारतीय टीम को तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। टीम इंडिया की मुश्किलें खिलाड़ियों की चोटों से और बढ़ गई हैं। बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी लीग मैच में ओपनर प्रतिका रावल चोटिल हो गईं और इसके चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उनकी जगह टीम में शैफाली वर्मा को शामिल किया गया है।
विकेटकीपर ऋचा घोष चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाईं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में विकेटकीपिंग करते समय उनके बाएं हाथ की उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। उस दौरान उमा छेत्री ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली थी। बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में उमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका मिला। यदि ऋचा अपनी चोट से पूरी तरह ठीक हो जाती हैं, तो भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में प्लेइंग 11 में दो बदलाव कर सकता है।
शैफाली वर्मा की चुनौती बड़ी, आसान नहीं होगा सेमीफाइनल में खुद को साबित करना
भारत की प्लेइंग 11 में प्रतिका रावल की जगह शैफाली वर्मा और उमा छेत्री की जगह ऋचा घोष को मौका मिल सकता है। इसके अलावा बदलाव के कोई और आसार नहीं दिख रहे हैं। प्रतिका का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है। वह टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना के बाद दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। शैफाली बेखौफ बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं, लेकिन वह एक साल बाद भारत के लिए वनडे खेलती दिखेंगी।
स्मृति, हरमनप्रीत और दीप्ति पर रहेगी निगाहें, टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारत को अपने अनुभवी खिलाड़ियों स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी। लीग चरण में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 330 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली की शतकीय पारी ने मैच का रुख बदल दिया। हीली की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 49 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत की संभावित प्लेइंग 11
शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, उमा छेत्री/ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।


