Hockey: भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान से हुई बड़ी चूक, जानें मामला

0

लाहौर : भारत के खिलाफ एफआईएच यूथ हॉकी फाइव्स एशिया चैंपियनशिप के मुकाबले में पाकिस्तान हॉकी टीम से बड़ी चूक हो गई, जिसके चलते उसे शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। ओमान के मस्कट में खेले गए इस अंतरराष्ट्रीय फाइव-ए-साइड (पांच खिलाड़ियों वाले) मुकाबले में मैच शुरू होने के तुरंत बाद अंपायरों ने देखा कि पाकिस्तान ने नियमों का उल्लंघन करते हुए मैदान पर छह खिलाड़ियों को उतार दिया है। जबकि प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार किसी भी समय मैदान पर केवल पांच खिलाड़ियों को ही खेलने की अनुमति होती है। इस गलती के बाद अंपायरों ने तुरंत कार्रवाई की और पाकिस्तान टीम को दंडित किया।

नियमों के उल्लंघन पर अंपायरों ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों को मैदान से बाहर भेज दिया। इसके बाद पाकिस्तान केवल तीन खिलाड़ियों के साथ खेलता रहा, जिसका भारत ने पूरा फायदा उठाया और आठ गोल दाग दिए। सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के कार्यवाहक अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई और टीम प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। टीम प्रबंधन में मुख्य कोच ताहिर जमां के अलावा कोच रेहान बट, कमर इब्राहिम और उमर भुट्टा शामिल हैं।

पहले भी दोहरा चुका है पाकिस्तान यह बड़ी गलती
टीम प्रबंधन ने सफाई दी है कि यह गलती खिलाड़ियों और कोचों के बीच संवाद ठीक से नहीं हो पाने के कारण हुई। पाकिस्तान हॉकी टीम से इस तरह की चूक पहले भी हो चुकी है। वर्ष 2022 में जकार्ता में आयोजित पुरुष हॉकी एशिया कप के दौरान जापान के खिलाफ क्वालिफिकेशन मैच में पाकिस्तान का बराबरी का गोल इसलिए रद्द कर दिया गया था क्योंकि उस समय मैदान पर 11 के बजाय 12 खिलाड़ी मौजूद थे। उस गलती के कारण पाकिस्तान 2023 हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका था। इसके बाद तत्कालीन मुख्य कोच ख्वाजा जुनैद पर पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने आजीवन प्रतिबंध लगाया था, लेकिन जुनैद फिर से सीनियर टीम के प्रबंधन का हिस्सा हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here