नई दिल्ली : इंडिया ए ने अपनी पहली पारी में बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका ए को 221 रनों पर रोक दिया और 34 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इससे पहले, इंडिया ए ने अपनी पहली पारी में ध्रुव जुरेल की नाबाद 132 रनों की शानदार पारी की मदद से 255 रन बनाए थे।
इंडिया ए ने बनाई 34 रन की बढ़त
साउथ अफ्रीका ए के लिए पहली पारी में टीम के कप्तान मार्क्स एकरमैन ने भारतीय गेंदबाजों का जमकर सामना किया और 118 गेंदों पर 5 छक्के और 17 चौकों की मदद से 134 रन की पारी खेली। एकरमैन को दूसरे छोर से किसी अन्य बल्लेबाज का ज्यादा साथ नहीं मिल पाया। पहली पारी में साउथ अफ्रीका की टीम के 4 बल्लेबाज तो बिना खाता खोले ही आउट हो गए जिसमें टेम्बा बावुमा भी शामिल रहे। जॉर्डन हरमन ने टीम के लिए पहली पारी में 26 रन जबकि प्रेनेलन सुब्रायेन ने 20 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल बॉलर रहे जिन्होंने 11.3 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 ओवर में 61 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि आकाश दीप ने 10 ओवर में केवल 28 रन देकर 2 सफलता हासिल की। कुलदीप यादव और हर्ष दुबे को एक-एक विकेट मिला। साउथ अफ्रीका की तरफ से तियान वैन वुरेन ने पहली पारी में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।


