IND vs ENG: चौथे टी20 से पहले टीम चयन पर मंथन, तिलक की जगह पर संकट

0

नई दिल्ली : 2026 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की चैंपियन भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। पांच मैचों की टी20 सीरीज में पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद भारत लगातार दूसरा और तीसरा मैच हार चुका है। इन दो हार के साथ टीम के लिए सीरीज जीतने की उम्मीद खत्म हो गई है, लेकिन अभी भी उसके पास शानदार वापसी करते हुए सीरीज 2-2 से बराबर करने का मौका है। इसके लिए भारतीय टीम को बचे हुए चौथे और पांचवें दोनों मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि अब एक और हार सीरीज को पूरी तरह इंग्लैंड के नाम कर देगी।

भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। यह मैदान बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है, जहां बड़े स्कोर अक्सर देखने को मिलते हैं। हालांकि, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को भी यहां अच्छी मदद मिलने लगती है, जिसका फायदा भारतीय टीम उठा सकती है। ऐसे में भारत के पास इस मुकाबले में वापसी करने का सुनहरा अवसर होगा, बशर्ते टीम सही संयोजन के साथ मैदान पर उतरे और अपनी रणनीति को परिस्थितियों के अनुसार अमल में लाए।

क्या बिना बदलाव के उतरेगी टीम इंडिया?

वैसे देखा जाए तो चौथे मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव किया जाए इसकी संभावना कम ही नजर आती है। हां, तिलक वर्मा जिस तरह से लगातार खेल रहे हैं उनकी जगह पर खतरा जरूर मंडरा रहा है, लेकिन उन्हें कम से कम अभी तो प्लेइंग इलेवन से शायद ही बाहर किया जाए साथ ही वो टीम के उप-कप्तान भी हैं। चौथे मैच में संजू सैमसन की वापसी हो ऐसी संभावना तो कम ही नजर आती है ऐसे में ओपनिंग की जिम्मेदारी एक बार फिर से वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के हाथों में ही रहने वाली है।

वैभव सूर्यवंशी को अब तक इस सीरीज में दो मैच खेलने का मौका मिला है, लेकिन वह अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट के उनके ऊपर भरोसा बनाए रखने की संभावना है और चौथे टी20 में भी उन्हें एक और अवसर मिल सकता है। भारतीय बल्लेबाजी क्रम में उनके बाद इशान किशन, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। ऑलराउंडर के रूप में अक्षर पटेल और हर्षित राणा के खेलने की उम्मीद है, जबकि गेंदबाजी आक्रमण में प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह अहम भूमिका निभा सकते हैं।

चौथे मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here