नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला अब 28 जनवरी, बुधवार को खेला जाएगा। हालांकि टीम इंडिया सीरीज अपने नाम कर चुकी है, लेकिन सामने टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए कप्तान और कोचिंग स्टाफ उन खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौके देना चाहेंगे, जो संभावित वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा हैं। ऐसे में चौथे टी20 मैच में संजू सैमसन और इशान किशन का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं तिलक वर्मा चौथे और पांचवें टी20 मुकाबले से भी बाहर हो चुके हैं। इस स्थिति में श्रेयस अय्यर भले ही टीम स्क्वाड में बने रहें, लेकिन तिलक के वर्ल्ड कप से पहले टीम से जुड़ने की संभावना के चलते अय्यर का बाहर होना तय माना जा रहा है। यही वजह है कि चौथे और पांचवें टी20 में भी श्रेयस अय्यर के बेंच पर ही रहने की आशंका है और उन्हें मौका मिलना मुश्किल नजर आ रहा है।
संजू सैमसन के करियर पर बड़ा मोड़, आखिरी दो मैच बनेंगे फैसला करने वाले
संजू सैमसन हालांकि टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा हैं लेकिन वह आउट ऑफ फॉर्म हैं और इशान किशन परफॉर्म कर रहे हैं। अगर संजू आखिरी दो टी20 में भी फ्लाप रहे तो उनकी प्लेइंग 11 में जगह आगामी वर्ल्ड कप में मुश्किल लग रही है। क्योंकि तिलक के आने पर नंबर 3 का स्लॉट खाली होगा और इशान किशन ओपनिंग व विकेटकीपर बल्लेबाज भी हैं। यानी यह दो मौके सैमसन के लिए आखिरी हो सकते हैं।
बुमराह को मिलेगा ब्रेक
जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की सबसे अहम कड़ियों में से एक हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए हर हाल में पूरी तरह फिट रखना चाहता है। इसी रणनीति के तहत उन्हें दूसरे टी20 मुकाबले में आराम दिया गया था। अब जब भारत सीरीज अपने नाम कर चुका है, तो चौथे टी20 में भी बुमराह को रेस्ट दिए जाने की संभावना है, जिससे अर्शदीप सिंह की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है। वहीं गेंदबाजी में अपेक्षाकृत प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे कुलदीप यादव की जगह वरुण चक्रवर्ती को मौका मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
चौथे टी20 के लिए टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई।


