ऑकलैंड. भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को ऑकलैंड में खेले गए फाइनल में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीती। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अगले सीजन की एफआईएच महिला प्रो लीग में भी जगह बना ली।

भारत की ओर से नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने दीपिका के शॉट को शानदार तरीके से डिफ्लेक्ट कर दूसरा गोल दागा। इसके बाद भारतीय टीम ने मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए लालरेमसियामी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, भारत की दीपिका छह गोल के साथ अमेरिका की एश्ले सेसा के साथ संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। भारत पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा। टीम ने लीग चरण में अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराया, जबकि सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।


