NST NEWS, भोपाल. भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के क्षेत्रीय केंद्र (CRC) भोपाल में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से सभी आयु वर्ग के लोगों में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में एसएआई सीआरसी भोपाल के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान योग को फिटनेस बढ़ाने, तनाव कम करने और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम बताया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत एसएआई सीआरसी भोपाल ने अपना घर वृद्धाश्रम और द भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज़ (बीएसएसएस) कॉलेज में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए। वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु और स्वास्थ्य के अनुरूप योगाभ्यास कराया गया। वहीं बीएसएसएस कॉलेज में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने योगासन, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास कर योग के दीर्घकालिक लाभों की जानकारी प्राप्त की। एसएआई सीआरसी भोपाल ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।


