अंडर-18 एशिया कप: सेमीफाइनल में चीन से भिड़ेंगी भारतीय लड़कियां, पाकिस्तान से होगा लड़कों का मुकाबला

0

काकामिगाहारा (जापान).  भारतीय अंडर-18 महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब दोनों टीमें शुक्रवार, 5 जून को फाइनल में प्रवेश के लिए मैदान में उतरेंगी। महिला टीम का मुकाबला चीन से होगा, जबकि पुरुष टीम की टक्कर पाकिस्तान से होगी। भारतीय महिला टीम ने पूल-ए में अपने सभी तीन मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने पूरे पूल चरण में 30 गोल किए और केवल दो गोल खाए। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया पर 2-1 की जीत से की, इसके बाद कोरिया को 3-1 से हराया। अंतिम मुकाबले में भारतीय टीम ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।

भारत की ओर से नूशीन नाज अब तक 10 गोल के साथ शीर्ष स्कोरर रही हैं, जबकि गीताश्री नाम्मी ने पांच गोल किए हैं। कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार और प्रियंका मिंज ने तीन गोल दागे हैं। भारतीय महिला टीम का सेमीफाइनल मुकाबला चीन से सुबह 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा। वहीं भारतीय पुरुष टीम ने पूल-ए में तीन जीत और एक हार के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। टीम ने अब तक 32 गोल किए हैं और केवल छह गोल खाए हैं। भारत ने कजाखस्तान को 13-0 से हराया, कोरिया को 4-1 से मात दी और चीनी ताइपे को 13-1 से शिकस्त दी। हालांकि मेजबान जापान के खिलाफ उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था।

कप्तान केतन कुशवाहा सात गोल के साथ टीम के सबसे सफल स्कोरर हैं, जबकि आशीष तानी पुर्ती ने छह गोल किए हैं। गाजी खान और शाहरुख अली ने तीन-तीन गोल का योगदान दिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबला दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। दोनों भारतीय टीमों का लक्ष्य जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here