NST NEWS, bhopal. बीडीसीए द्वारा आयोजित एचएमजी कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में वीएस क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नायर क्रिकेट अकादमी को 63 रन से पराजित कर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। डीपीएस खेल मैदान पर खेले गए मुकाबले में नायर क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी वीएस क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अर्णव राजोरिया ने नाबाद 90 रन की शानदार पारी खेली, जबकि दक्ष सक्सेना ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 86 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नायर क्रिकेट अकादमी की टीम 29.5 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अंकुश विश्वकर्मा ने सर्वाधिक 52 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला। वीएस क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में दक्ष सक्सेना, वंश बाथम और प्रियांश लोधी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। उनकी सटीक गेंदबाजी के सामने नायर अकादमी के बल्लेबाज टिक नहीं सके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दक्ष सक्सेना को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने नाबाद 86 रन बनाने के साथ दो विकेट भी अपने नाम किए। टूर्नामेंट के दूसरे राउंड का चौथा मुकाबला शनिवार सुबह 8 बजे अरेरा क्रिकेट अकादमी और अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा।


