इंदौर। इंदौर की वैदेही शुक्ला ने पुणे (महाराष्ट्र) में अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए द्वारा आयोजित अंडर-12 आयु वर्ग के सीएस-7 टेनिस टूर्नामेंट में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वैदेही ने स्पर्धा में दोहरी सफलता हासिल करते हुए युगल वर्ग में स्वर्ण जबकि एकल में रजत पदक प्राप्त किया। भारतीय जूनियर डेविस कप टीम के कोच साजिद लोदी ने बताया डेली कालेज की वैदेही ने टूर्नामेंट में आक्रामक खेल दिखाया। युगल वर्ग में वैदेही और नक्षत्र अय्यर की जोड़ी ने सेमीफाइनल में सानवी गोसावी और चाहत ठाकुर की जोड़ी को 6-0, 7-6 से पराजित किया। पहले सेट के दौरान वैदेही और नक्षत्र की जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी जोड़ी को कोई अंक नहीं बनाने दिया। इनका प्रदर्शन देखकर लग रहा था कि दूसरा सेट औपचारिकता रहेगा, लेकिन इसमें विपक्षी जोड़ी ने वापसी का प्रयास किया। हालांकि थोड़े संघर्ष के बाद वैदेही और उनकी जोड़ीदार ने दूसरा सेट जीतते हुए फाइनल में कदम रखा।
फाइनल में वैदेही और नक्षत्र की जोड़ी का सामना जान्हवी सावंत और असमी पित्रे की जोड़ी से हुआ। युगल वर्ग में वैदेही और नक्षत्र की जोड़ी ने आसानी से मैच 6-2, 6-2 से अपने नाम करते हुए ट्राफी हासिल की। दोनों ही सेट में इस जोड़ी ने बेहतर सर्विस के साथ ही कोर्ट पर उचित तालमेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी जोड़ी को कोई मौका नहीं दिया। एकल वर्ग में वैदेही ने देश के विभिन्न राज्यों से आई खिलाड़ियों को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया। यहां कड़े संघर्ष में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। युगल वर्ग में वैदेही ने जान्हवी को हराया, लेकिन एकल में उन्होंने हिसाब बराबर कर लिया।


