एनएसटी न्यूज, भोपाल। इंदौर के एमराल्ड हाइट्स स्कूल में 14 से 23 जुलाई तक आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप (एयर इवेंट्स-एनआर) में भोपाल के राजा भोज शूटिंग क्लब के खिलाड़ी अश्विन चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मास्टर मेन व्यक्तिगत वर्ग में 355/400 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। अश्विन चौधरी की सफलता की कहानी और भी प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी कनिष्का चौधरी अंतरराष्ट्रीय आईएसएसएफ (ISSF) स्तर की निशानेबाज हैं। बेटी की लगन और उपलब्धियों से प्रेरित होकर ही उन्होंने शूटिंग शुरू की। कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने पहली ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर भोपाल का नाम रोशन किया। अश्विन ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि का सबसे बड़ा श्रेय उनकी बेटी को जाता है, जिसने उन्हें इस खेल से जोड़ा। अब पिता-पुत्री की यह जोड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ तैयारी में जुटी है।


