एनएसटी न्यूज, भोपाल। कैलाश नारायण सारंग (बाबूजी) की स्मृति में आयोजित 9वें ऑल इंडिया मास्टर्स कप क्रिकेट टूर्नामेंट (वेटरन ग्रुप) के फाइनल मुकाबले में आईपीसीए ने भोपाल मास्टर्स को एकतरफा मैच में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच में आईपीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में भोपाल मास्टर्स की टीम सस्ते में सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आईपीसीए टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। टीम की ओर से पूर्व रणजी और आईपीएल खिलाड़ी Ishwar Pandey ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 51 रन बनाए। वहीं अब्दुल अकील ने 47 रनों की अहम पारी खेली। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी J P Yadav ने 34 रन बनाए, जबकि रणजी खिलाड़ी Sunny Bhattnagar ने नाबाद 22 रनों का योगदान दिया। समीर कुरैशी ने 10 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में टीम को 18 रन मिले। भोपाल मास्टर्स की ओर से गेंदबाजी में Pradeep Kanade ने 24 रन देकर 2 विकेट लिए। विजय मंगरानी और शेखर दीक्षित ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल मास्टर्स की टीम आईपीसीए के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 77 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से सुनील अहिरवार ने 19, दिलीप मंगरानी ने 17 और जतिन सक्सेना ने 15 रन बनाए। आईपीसीए की तरफ से घातक गेंदबाजी करते हुए सनी भटनागर ने 4 रन देकर 2 विकेट, सोहेल मसूद ने 7 रन देकर 2 विकेट और ईश्वर पांडे ने 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्मण, जमरान और अरशद को 1-1 सफलता मिली।
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए ईश्वर पांडे को ‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री Vishwas Kailash Sarang ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. संजय बंसल, अभिषेक गुप्ता और बीडीसीए उपाध्यक्ष डॉ. सुशील सिंह ठाकुर सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। टूर्नामेंट में देशभर के कई नामी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें जेपी यादव, ईश्वर पांडे, समीर कुरैशी, सनी भटनागर और जतिन सक्सेना जैसे खिलाड़ी शामिल रहे।
टूर्नामेंट के प्रमुख पुरस्कार:
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: जे पी यादव (आईपीसीए)
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: शेखर दीक्षित (भोपाल मास्टर्स)
- सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर: जावेद अख्तर (आईपीसीए)
- सर्वश्रेष्ठ फील्डर: प्रदीप कनाडे (भोपाल मास्टर्स)
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: नीलेश कनारा (क्लब विदिशा)


