नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स खिताब के लंबे सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। 2008 से लीग का हिस्सा रही यह फ्रेंचाइजी पहले Delhi Daredevils के नाम से खेलती थी, लेकिन नाम बदलने के बावजूद अब तक ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। आईपीएल के 18 सीजन में दिल्ली केवल एक बार फाइनल तक पहुंच सकी, जब 2020 में उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस सीजन टीम एक नई शुरुआत के साथ इतिहास बदलने की कोशिश करेगी।
आईपीएल के 19वें सीजन में अक्षर पटेल की अगुआई में दिल्ली कैपिटल्स उम्मीद करेगी कि वह इस साल 18 साल का सूखा खत्म करे। अक्षर पिछले सीजन भी टीम के कप्तान थे। शुरुआत में टीम ने अच्छा प्रदर्शन भी किया था, लेकिन बाद में प्रदर्शन इतना गिरा कि टीम प्लेऑफ तक में नहीं पहुंच पाई। दिल्ली कैपिटल्स के टीम मैनेजमेंट को अनावश्यक प्रयोग से बचना होगा। पिछले सीजन यही परेशानी का सबब रहा था।
दिल्ली कैपिटल्स की सबसे बड़ी ताकत—मजबूत बैटिंग लाइनअप
दिल्ली कैपिटल्स की ताकत की बात करें तो बेन डकेट ने आईपीएल के इस सीजन से नाम वापस ले लिया है, लेकिन इसके बाद भी टीम के पास पृथ्वी शॉ, केएल राहुल और पथुम निसांका जैसे ओपनिंग बल्लेबाज के विकल्प हैं। मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स,आशुतोष शर्मा और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी हैं। लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और आकिब नबी जैसे गेंदबाज हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम और संतुलित दिखाई देती है।
मिडिल ऑर्डर की अस्थिरता, दिल्ली कैपिटल्स की बड़ी कमजोरी
कमजोरी की बात करें तो Mitchell Starc की उपलब्धता पर संशय Delhi Capitals के लिए बड़ी चिंता है, क्योंकि उनके जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज की कमी टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकती है। पिछले सीजन दिल्ली ने अपने शुरुआती 7 मुकाबलों में केवल दो हार झेली थी, लेकिन इसके बावजूद टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। लगातार चार मैच जीतने के बाद भी बार-बार बदलाव के कारण एक स्थिर और संतुलित प्लेइंग 11 नहीं बन पाई। ऐसे में इस सीजन टीम मैनेजमेंट को अपनी पिछली गलतियों से सीख लेकर संयोजन में स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी होगा।
दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग 11
पथुम निसांका, केएल राहुल, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर – अभिषेक पोरेल/ टी नटराजन
दिल्ली कैपिटल्स स्क्वाड
अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, औकिब डार, नीतीश राणा, मिशेल स्टार्क, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, लुंगिसानी एनगिडी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव।


