IPL 2026: जीत के बावजूद शुभमन गिल पर लगा भारी जुर्माना, स्लो ओवर रेट बना वजह

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में बुधवार, 8 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद पर एक रन से जीत जरूर दर्ज की, लेकिन टीम के कप्तान शुभमन गिल के लिए यह जीत पूरी तरह खुशी नहीं ला सकी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्लो ओवर रेट के कारण आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जिससे जीत के बावजूद टीम को बड़ा झटका लगा।

अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत, शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस की इस सीजन की पहली जीत रही। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, इस मुकाबले के बाद आईपीएल की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी में बताया गया कि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया गया है। बयान के अनुसार, दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 14वें मैच के दौरान टीम ने स्लो ओवर रेट बनाए रखा। एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया कि आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह इस सीजन में गुजरात टाइटंस का पहला अपराध था, जिसके चलते शुभमन गिल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बस एक चूक पड़ी भारी, दिल्ली के हाथ से निकला मैच

दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में डेविड मिलर से फैसले लेने में एक पल की चूक हो गई, जो टीम पर भारी पड़ गई। प्रसिद्ध कृष्णा की आखिरी से पहले वाली गेंद पर मिलर ने एक रन लेने से मना कर दिया और अंतिम गेंद को सही से खेल नहीं पाए। इसके बाद कुलदीप यादव, जोस बटलर के सीधे थ्रो से रन आउट हो गए। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 विकेट पर 209 रन ही बना सकी और एक रन से मैच हार गई। अब गुजरात टाइटंस का अगला मुकाबला 12 अप्रैल को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 11 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here