नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 14वां मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार (8 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर एक रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 8 विकेट पर 209 रन ही बना सकी और जीत से सिर्फ एक रन दूर रह गई। मैच के अंतिम पलों में रोमांच चरम पर था, जब दिल्ली को आखिरी 2 ओवर में 36 रन चाहिए थे। चोटिल उंगली के बावजूद डेविड मिलर ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर सिर्फ दो रन ही बन सके और दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा।
दिल्ली कैपिटल्स ने 18 वें ओवर के बाद 6 विकेट पर 175 रन बनाए थे। जीत के लिए 12 गेंद पर 36 रन चाहिए थे। डेविड मिलर 13 गेंद पर 18 और विप्रज निगम 3 गें पर 3 रन बनाकर क्रीज पर थे। मोहम्मद सिराज 19वां ओवर करने आए। उन्होंने ओवर की शुरुआत वाइड से की। इसके बाद मिलर ने 3 गेंदों पर दो छक्के और चौका जड़ा। इसके पांचवीं गेंद पर उन्होंने फिर चौका जड़ा। सिराज के ओवर में 23 रन बने। डेविड मिलर 17 गेंद पर 35 और विप्रज निगम 5 गेंद पर 8 रन बनाकर क्रीज पर थे।
चौके के साथ दबाव कम करने में सफल रहे विप्रज निगम
दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे। स्लो ओवर रेट के कारण गुजरात के केवल 4 फील्डर सर्कल से बाहर थे। प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विप्रज निगम ने चौका जड़ा। अगली गेंद पर आउट हुए। कुलदीप यादव क्रीज पर आए और एक रन लिया। उन्होंने 7 गेंद पर 12 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स को 3 गेंद पर 8 रन चाहिए थे। मिलर ने चौथे गेंद पर छक्का जड़ा। दिल्ली को 2 गेंद पर 2 रन चाहिए थे।
आखिरी दो गेंदों में जीत से चूक गई टीम
मैच के अंतिम क्षणों में डेविड मिलर और कुलदीप यादव के बीच लंबी बातचीत हुई। इसके बाद मिलर ने पांचवीं गेंद पर डीप स्क्वायर लेग की ओर पुल शॉट खेला, लेकिन कुलदीप आधी पिच से ही वापस लौट गए। आखिरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने शॉर्ट गेंद डाली, जो विकेट के पीछे जोस बटलर के पास चली गई और कुलदीप यादव रन आउट हो गए। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने वाइड के लिए रिव्यू लिया, लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं मिला। इस तरह गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद पर एक रन से मुकाबला जीतकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की।


