नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने धामकेदार बल्लेबाजी की है। फिलहाल वह देश के सबसे चहेते खिलाड़ी बन हैं। वैभव ने आईपीएल 2025 में भी कमाल का प्रदर्शन किया था। वह पिछले साल अपनी उम्र और बेधड़क बल्लेबाजी के लिए चर्चा में थे। आईपीएल 2026 में वह दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ साहस दिखाने के कारण सुर्खियों में हैं। वैभव ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 14 गेंद पर 39 रन ठोके।
वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। बुमराह को भी दो छक्के जड़ दिए। वैभव के इस प्रदर्शन पर राजस्थान रॉयल्स के टैलेंट स्काउट अक्षय करंजे को बहुत गर्व होगा। अक्षय की वजह से ही राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी मिले। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार 2022-2023 में अक्षय ने राजस्थान रॉयल्स के ग्रुप में एक मैसेज किया और एक ‘अद्भुत युवा खिलाड़ी’ के बारे में बताया, जिस पर ध्यान देने की जरूरत थी।
जुबिन भरूचा ने वैभव सूर्यवंशी के लिए 10 करोड़ रुपये अलग रखने की सलाह दी
फ्रेंचाइजी तुरंत हरकत में आई और वैभव सूर्यवंशी को परखने के लिए एक और स्काउट भेजा। उन्हें ट्रायल्स के लिए बुलाने का फैसला किया गया और जब थिंकटैंक ने पहली बार बैटिंग करते देखा तो वे आश्वस्त हो गए। वैभव ने ट्रायल के दौरान 157 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार वाली गेंद का सामना किया था। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक जुबिन भरूचा इतने प्रभावित हुए थे कि उन्होंने फ्रेंचाइजी को वैभव के लिए 10 करोड़ रुपये रखने को कह दिया था।
157-158 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंदों का सामना
महाराष्ट्र के तालेगांव में राजस्थान रॉयल्स की एकेडमी में ट्रायल चल रहे थे। वैभव सूर्यवंशी ने कर्नाटक के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ बैटिंग की। वैभव ने पहली ही गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर छक्का जड़ा था। ट्रायल खत्म होने के बाद वैभव को रोक लिया गया। उन्होंने 157-158 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से साइड आर्म थ्रोअर्स का सामना किया। इनमें से एक 6 फुट 4 इंच लंबा है। सोचिए गेंद कितनी ऊपर से आती होगी।
वैभव का धमाका: साइटस्क्रीन के पार पहुंचा छक्का
वैभव सूर्यवंशी को एक साइडआर्म थ्रोअर ने 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी, लेकिन उन्होंने उस पर सीधे साइटस्क्रीन के ऊपर शानदार छक्का जड़ दिया। इस शॉट के बाद जुबिन भरूचा उनके प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हो गए। राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को आईपीएल 2025 के ऑक्शन में 1.1 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था, तब वह केवल 13 साल के थे। अपने आईपीएल डेब्यू पर उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।


