IPL 2026: कमिंस की वापसी से राहत, लेकिन सनराइजर्स की मुश्किलें बरकरार; कार्स के बाद पेन भी बाहर

0

नई दिल्ली : IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कप्तान पैट कमिंस फिट हो चुके हैं, लेकिन टीम को डेविड पेन के रूप में एक और बड़ा झटका लगा है, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इससे पहले ब्रायडन कार्स भी टीम से बाहर हो चुके हैं। कार्स और कमिंस की गैरमौजूदगी में पेन ने सनराइजर्स के लिए सिर्फ 2 मैच खेले थे। तेज गेंदबाजी विभाग में लगातार हो रहे बदलावों ने टीम की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने कुछ मौकों पर प्रभावशाली प्रदर्शन कर टीम को थोड़ी राहत जरूर दी है।

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज पेन के आईपीएल 2026 से बाहर होने की जानकारी देते हुए सनराइजर्स ने कहा, ‘डेविड पेन टखने में चोट लगने के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं।’ पेन ने 2 मैच में 2 विकेट लिए और छह रन बनाए। पेन ने इंग्लैंड के लिए सिर्फ एक वनडे खेला है। उन्होंने टी20 में 235 मैच खेले हैं और 21.25 के औसत और 8.07 की इकॉनमी से 306 विकेट लिए। लिस्ट ए क्रिकेट में 115 और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 328 विकेट लिए हैं।

पेन के रिप्लेसमेंट का अब तक नहीं हुआ ऐलान

सनराइजर्स हैदराबाद ने ब्रायडन कार्स की जगह दिलशान मदुशंका को स्क्वाड में शामिल किया है, लेकिन अभी तक डेविड पेन के रिप्लेसमेंट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिनमें 2 में जीत हासिल की है और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराया था, जबकि पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उसे हार झेलनी पड़ी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम ने 65 रन से शानदार जीत दर्ज की। सीजन के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स को 6 विकेट से मात दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here