नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 में एलीट ग्रुप बी के मुकाबले में सौराष्ट्र के खिलाफ चंडीगढ़ की टीम गुरुवार 29 जनवरी को अपने घरेलू मैदान पर पहली पारी में महज 136 रन पर ढेर हो गई। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने सेक्टर 16 क्रिकेट स्टेडियम में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से चंडीगढ़ के बल्लेबाजों पर कहर बरपाया। उन्होंने 14 ओवर में केवल 44 रन खर्च करते हुए चार महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए।
जयदेव उनादकट के अलावा चेतन साकरिया ने 10.1 ओवर में 43 रन और चिराग जानी ने छह ओवर में 18 रन देकर 2-2 विकेट झटके। प्रेरक मांकड़ भी एक विकेट (नौ ओवर में 19 रन) लेने में सफल रहे। चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा बिना खाता खोले रन आउट हो गए। चंडीगढ़ की टीम के चार बल्लेबाज, जिनमें मनन वोहरा भी शामिल थे, अपना खाता नहीं खोल पाए। शिवम भांबरी और वैभव नारंग बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए। इसके अलावा, ग्यारहवें बल्लेबाज के रूप में क्रीज पर उतरे कार्तिक सांडिल भी केवल तीन गेंद खेलकर बिना स्कोर किए पवेलियन लौट गए।
चंडीगढ़ की ओर से विकेटकीपर अरजित सिंह और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जगजीत सिंह संधू संयुक्त रूप से टीम के उच्चतम स्कोरर रहे। अरजित सिंह ने 60 गेंद में पांच चौके लगाकर 29 रन बनाए, जबकि जगजीत सिंह संधू ने 54 गेंद में चार चौकों की मदद से 29 रन किए। अन्य बल्लेबाजों में अर्जुन आजाद ने 20 रन, राज अंगद बावा ने 27 गेंद में 14 रन, विशु ने 31 गेंद में 18 रन, निशंक बिड़ला ने 27 गेंद में 12 रन और रोहित ढांडा ने 10 गेंद में 3 रन बनाए।


