काकामिगाहारा (जापान)। मेजबान जापान ने पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 के पूल-ए मुकाबले में भारत को 4-2 से हरा दिया। रविवार को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से आशीष तानी पुर्ति और कप्तान केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, लेकिन जापान ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच का पहला क्वार्टर दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष वाला रहा। हालांकि 15वें मिनट में जापान के कप्तान योशिओका माहिरो ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में फुजिवारा युमा ने 20वें मिनट में गोल कर जापान की बढ़त 2-0 कर दी।
भारत ने हार नहीं मानी और 25वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को आशीष तानी पुर्ति ने गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। 32वें मिनट में कप्तान केतन कुशवाहा ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। हालांकि जापान ने जल्द ही वापसी करते हुए 34वें मिनट में यासुई केंगो के गोल से फिर बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद 42वें मिनट में ताकाहाशी आओने ने फील्ड गोल दागकर जापान को 4-2 की मजबूत बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन जापान की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने सफलता नहीं मिल सकी। मैच के अंत तक जापान ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए। भारत अब अपना अगला मुकाबला 1 जून को दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा। भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में वापसी करने की कोशिश करेगी।


