जूनियर एशिया कप: भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान को 19-0 से धोया, टूर्नामेंट में अजेय अभियान जारी

0

नई दिल्ली : भारत ने चीन के मोकी में खेले गए 2026 महिला जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने शानदार अंदाज में सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय प्रदर्शन किया है और इसी दमदार रिकॉर्ड के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पाकिस्तान के खिलाफ मिली 19-0 की बड़ी जीत ने भारत के आत्मविश्वास को भी और मजबूत कर दिया है।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारत की ओर से 13 खिलाड़ियों ने गोल किये। सबसे ज्यादा तीन गोल पूजा मलिक ने दागे। पूजा मलिक के अलावा चार खिलाड़ियों (रोशनी आइंद, सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार, सुप्रिया) ने दो-दो गोल किये। भारत के लिए पूजा साहू ने सातवें मिनट में पाकिस्तान के खिलाफ पहला गोल किया। इसके बाद लगातार गोल होते रहे। मौजूदा चैंपियन भारत ने विपक्षी टीम को पूरी तरह बेबस कर दिया। सानिका चंद्रकांत माने ने दो गोल किए और हाफ-टाइम तक भारत ने स्कोरलाइन अपने पक्ष में 10-0 कर लिया था।

खेल फिर शुरू होने पर नौ और गोल हुए। पूजा मलिक ने दो गोल और दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा सुप्रिया और पूर्णिमा यादव ने भी अपने गोलों की संख्या दो-दो कर ली। भारत महिला जूनियर एशिया कप का ख़िताब लगातार तीसरी बार जीतने की राह पर है। भारत ने इससे पहले 2023 और 2024 में यह ख़िताब जीता था। जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम एलीट पूल में थी। भारत ने पूल ग्रुप के मुकाबलों में साउथ कोरिया को 4-1, मलेशिया को 11-1, जापान को 7-0, हराया, जबकि चीन के खिलाफ ड्रॉ खेला। भारत ने एलीट ग्रुप में टॉप किया। अब फाइनल में जगह बनाने के लिए उसका मुकाबला दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

भारत की ओर से गोल करने वाली खिलाड़ी
  • पूजा साहू ने सातवें मिनट में गोल किया।
  • रोशनी आइंद ने नौवें और 60+वें मिनट में गोल किये।
  • तनुश्री दिनेश कडु ने 11वें मिनट में गोल किया।
  • सुखवीर कौर ने 13वें मिनट में गोल किया।
  • सानिका चंद्रकांत माने ने 13वें और 23वें मिनट में गोल किये।
  • मधु सिदार ने 16वें और 39वें मिनट में गोल किये।
  • गीता यादव ने 18वें मिनट में गोल किया।
  • तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट में गोल किया।
  • पूजा मलिक ने 27वें, 49वें और 51वें मिनट में गोल किये।
  • पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट में गोल किया।
  • सुप्रिया ने 40वें और 54वें मिनट में गोल किये।
  • कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में गोल किया।
  • बिनिमा धन ने 55वें मिनट में गोल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here