एनएसटी न्यूज, भोपाल। कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया (काई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैकुंठ सिंह ने कहा कि भारत में कराते को मजबूत करने की ज़रूरत है। हमारे देश में कराते की बहुमुखी प्रतिभाएं मौजूद हैं, बस उन्हें सही अवसर देने की दरकार है। उन्होंने कहा कि काई खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर मंच और सुविधाएं देने के लिए काम कर रही है। रविवार को राजधानी भोपाल में एक औपचारिक बैठक आयोजित हुई। इसमें काई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैकुंठ सिंह ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पंकज शुक्ला का स्वागत किया। वैकुंठ सिंह ने कहा कि डॉ. शुक्ला जैसे ऊर्जावान साथी के जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि काई के बैनर तले खिलाड़ियों को संगठित कर देश का नाम रोशन करना हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में काई के मुख्य कोच और मप्र अमेच्योर कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदेव शर्मा की उपलब्धियों की सराहना की गई। वैकुंठ सिंह ने बताया कि उनके मार्गदर्शन में देश के कई कराते खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि काई के नेतृत्व में अब तक कई बड़े टूर्नामेंट सफलतापूर्वक कराए गए हैं और आने वाले समय में और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पंकज शुक्ला ने कहा कि संगठन को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष वैकुंठ सिंह और मप्र काई के अध्यक्ष जयदेव शर्मा के कार्यों की प्रशंसा की और भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को हर संभव मदद दी जाएगी।
इस मौके पर अन्य प्रतिनिधियों ने भी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में काई के सचिव परितोष शर्मा, कोषाध्यक्ष ब्रिज सिंह, टेक्नीकल डायरेक्टर संतोष राठौर, भोपाल जिला कराते डेवलपमेंट वेलफेयर सोसायटी के टेक्निकल डायरेक्टर शशिकांत पाटिल, अमेच्योर कराते एसोसिएशन की उपाध्यक्ष नीतू वर्मा, सीनियर कराते खिलाड़ी सुप्रिया जाटव और आराधना मालवीय, विदिशा के महेंद्र पासी सहित कई कराते पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।


