नई दिल्ली : दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में शुमार लियोनेल मेसी ने अपने करियर में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। मेसी ने कॉनकाकैफ़ चैंपियंस कप के राउंड ऑफ 16 में इंटर मियामी की ओर से खेलते हुए नैशविले के खिलाफ मैच में अपना 900वां करियर गोल दागकर ‘900 क्लब’ में एंट्री कर ली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए बल्कि पूरे फुटबॉल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण साबित हुई।
इस खास उपलब्धि के बाद फुटबॉल जगत में लियोनेल मेसी के नाम की गूंज फिर तेज हो गई। साथ ही, इस माइलस्टोन ने उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ ‘GOAT’ की बहस को भी और दिलचस्प बना दिया। लियोनेल मेसी ने मैच के शुरुआती मिनटों में गोलकर यह उपलब्धि हासिल की। लगातार दो बार मेजर लीग सॉकर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, आठ बार बैलोन डीओर विजेता और विश्व कप चैंपियन मेसी ने हमेशा की तरह अपने बाएं पैर से यह गोल किया। उन्हें खेल के 7वें मिनट में बॉक्स के बीच में पास मिला।
मेसी ने छुआ ‘900 क्लब’, लेकिन जश्न नहीं मना पाए
लियोनेल मेसी ने गेंद को नियंत्रित किया और डिफेंडरों के बीच से उसे गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। नैशविले ने हालांकि, लियोनेल मेसी को इस उपलब्धि का जश्न नहीं मानने दिया, क्योंकि उसने इंटर मियामी को 1-1 से ड्रॉ पर रोका और अपने प्रतिद्वंद्वी के घरेलू मैदान पर गोल करने के आधार पर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। नैशविले ने पिछले हफ्ते राउंड ऑफ 16 के पहले चरण में गोलरहित ड्रॉ खेला था।
लियोनेल मेसी के करियर में अनगिनत पुरस्कारों और उपलब्धियों में एक और मील का पत्थर के रूप में 900वां गोल भी शामिल हो गया। इनमें ला लीगा के शीर्ष स्कोरर के रूप में 8 ट्रॉफी, 6 बार ला लीगा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार, 3 बार सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार, 3 बार UEFA पुरुष प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार, 2 फीफा विश्व कप गोल्डन बॉल और 15 बार वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (अर्जेंटीना) चुना जाना शामिल है।
मेसी की ट्रॉफी की झड़ी – 47 और रिकॉर्ड तोड़ा
लियोनेल मेसी ने अपने क्लब और देश के लिए कुल 47 ट्रॉफियां जीती हैं। इनमें अर्जेंटीना के लिए 2022 का विश्व कप और इंटर मियामी के साथ पिछले सत्र का एमएलएस खिताब भी शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ मेसी पुरुष फुटबॉल के इतिहास में सबसे अधिक खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं। अपने करियर का लगभग दो दशक उन्होंने बार्सिलोना की ओर से खेलते हुए बिताया, और अपने कुल गोलों का आधा से अधिक स्पेन के इस क्लब के लिए ही दागा। मेसी की यह लंबी और शानदार यात्रा उन्हें फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में विशेष स्थान देती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, क्रिस्टियानो रोनाल्डो एकमात्र ऐसे पुरुष खिलाड़ी हैं जिन्होंने 900 से अधिक गोल किए हैं। रोनाल्डो ने यह उपलब्धि हासिल करने में मेसी से लगभग 100 मैच अधिक खेले। रोनाल्डो ने सितंबर 2024 में अपने करियर के 900 गोल पूरे किये थे। उस समय क्रिस्टियानो रोनाल्डो की उम्र 39 वर्ष थी, जबकि लियोनेल मेसी इस साल 24 जून को 39 साल के होंगे। लियोनेल मेसी के इस ऐतिहासिक गोल ने फुटबॉल जगत से बाहर के सितारों का भी ध्यान आकर्षित किया।
बास्केटबॉल हॉल ऑफ फेमर मैजिक जॉनसन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा कि लियोनेल मेसी का 900 गोल तक पहुंचना अविश्वसनीय उपलब्धि है। हालांकि कुछ लोग मानते हैं कि ब्राजील के दिग्गज पेले ने अपने करियर में 1,000 गोल का आंकड़ा पार कर लिया था, लेकिन आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार पेले ने करीब 800 गोल किए। विभिन्न स्रोतों के अनुसार पेले ने लगभग 1,300 गोल किए, जिनमें से कुछ उन्होंने निचले स्तर की टीमों के खिलाफ किए थे। लीग मैचों में पेले ने लगभग 650 गोल किए, जो उन्हें फुटबॉल के इतिहास में एक बेहद प्रभावशाली स्ट्राइकर बनाते हैं।


