NST NEWS, इंदौर। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में उज्जैन फाल्कंस ने भोपाल लेपर्ड्स को 16 रन से हराकर जीत की राह पर वापसी की। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उज्जैन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 195/8 रन बनाए। यश दुबे ने 31 गेंदों में 54 रन और माधव तिवारी ने नाबाद 61 रन की तूफानी पारी खेली। माधव ने चार छक्के लगाते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनके नाम अब चार मैचों में 194 रन हो गए हैं और वे ऑरेंज कैप धारक बन गए हैं। भोपाल की ओर से हिमांशु शिंदे ने एक ओवर में 2 रन देकर 2 विकेट लिए।

जवाब में भोपाल लेपर्ड्स ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 20 ओवर में 179/7 रन ही बना सकी। तनिष्क यादव ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। गेंदबाजी में माधव तिवारी ने 2/26 और आयुष मानकर ने 2/25 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। आयुष अब पर्पल कैप के नए दावेदार बन गए हैं। वहीं डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में रीवा जगुआर्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 31 रन से हराया। रीवा ने अनंत वर्मा के नाबाद 71 और सागर सोलंकी के 60 रन की मदद से 209/5 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में इंदौर की टीम 19.3 ओवर में 178 रन पर सिमट गई। रीवा के लिए अंकित कुशवाहा ने 3 विकेट लिए, जबकि रामवीर गुर्जर, रोहित राजावत और कप्तान पृथ्वीराज सिंह तोमर ने दो-दो विकेट हासिल किए।


