नई दिल्ली: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने जा रही है और भारतीय टीम से इस बार शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें लगाई जा रही हैं। हालांकि टूर्नामेंट से पहले खेले गए अभ्यास मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 5 रनों से हराकर भारतीय खेमे की चिंता बढ़ा दी है। 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, जबकि अनुभवी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर का बल्ला भी खामोश रहा। हालांकि ऋचा घोष ने 68 रनों की शानदार पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन उनके प्रयास के बावजूद भारतीय टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। विश्व कप से ठीक पहले मिली इस हार ने टीम प्रबंधन को कुछ अहम सवालों पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ 172 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की तरफ से स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी से सभी को अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन टीम इंडिया ने 8 के स्कोर पर अपना पहला विकेट मंधाना के रूप में गंवा दिया जो 6 गेंदों में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गई। वहीं शैफाली वर्मा भी 13 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गई। दोनों ही खिलाड़ियों का इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और अब वॉर्मअप मुकाबले में ओपनिंग जोड़ी के रूप में कोई खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है, जिसमें वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए ये एक बड़ी चिंता है। इसके अलावा यास्तिका भाटिया 15 और हरमनप्रीत कौर भी सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गई।
टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष का इस मैच में बल्ले से धमाकेदार अंदाज देखने को मिला जो इंडिया के लिए एक राहत भरी खबर जरूर है। ऋचा ने इस मैच में 36 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रनों की बेहतरीन पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सकी। वहीं इस मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजी को लेकर बात की जाए तो उसमें श्रेयंका पाटिल का कमाल देखने को मिला जो 2 विकेट लेने में कामयाब हो सकी। वहीं अब टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान टीम का सामना करेगी जिसमें ये मुकाबला 14 जून को एजबेस्टन के मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।


