वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, रचिन-चैपमैन टीम से बाहर

0

नई दिल्ली : भारत के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। चोट से समय पर उबर नहीं पाने के कारण रचिन रविंद्र और मार्क चैपमैन सीरीज से बाहर हो गए हैं। एमआरआई स्कैन में पता चला है कि चैपमैन की बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट को ठीक होने के लिए अभी 2 सप्ताह और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है। वहीं, रचिन रविंद्र के दाहिने कंधे को पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी और समय लगेगा।

दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से भारत के खिलाफ सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम की चुनौतियां बढ़ गई हैं। न्यूजीलैंड ने अब टिम सीफर्ट को पूरी सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया है। वह पहले आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम का हिस्सा थे। हेनरी निकोल्स को पहले तीन मैचों के लिए टीम में लाया गया है। इंडिया ए के खिलाफ 4 दिवसीय टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड टीम के हिस्सा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।

प्रोमो शूट बना रविंद्र की चोट की वजह, वनडे सीरीज से हुए बाहर

सितंबर में एक प्रोमो शूट के दौरान रविंद्र के कंधे में चोट लग गई थी, जबकि चैपमैन को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में हैमस्ट्रिंग टियर हो गया था। निकोल्स की वापसी ऐसे समय पर हुई है जब उन्होंने शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी के लिए ओपनिंग करते हुए 119 रन बनाए। वह 92 वनडे मैच खेल चुके हैं और जुलाई में वेस्टइंडीज के न्यूजीलैंड दौरे का भी हिस्सा थे।

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले मैट हेनरी का होगा फिटनेस टेस्ट

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के बीच से ही बाहर हुए मैट हेनरी सोमवार (2 नवंबर) को वनडे टीम से जुड़ गए। उनका फिटनेस टेस्ट होगा। शुरुआत में आखिरी दो मैचों के लिए चुने गए मैथ्यू फिशर अब पूरी सीरीज के लिए एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के तौर पर टीम से जुड़े रहेंगे। पहला वनडे बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।

भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की अपडेटेड वनडे टीम

पहले तीन वनडे
मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ​​ब्लेयर टिकनर।

आखिरी दो वनडे
मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here