नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के लीग चरण का आखिरी दिन कई टीमों की तकदीर तय करने वाला है, लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले फैंस की नजर सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं, बल्कि मौसम पर भी टिकी हुई है। राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला यह हाई-वोल्टेज मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है, मगर बारिश की आशंका ने रोमांच के साथ-साथ चिंता भी बढ़ा दी है। अगर मौसम ने खेल बिगाड़ा, तो इसका सीधा असर राजस्थान की प्लेऑफ उम्मीदों पर पड़ सकता है और पूरे अंक तालिका का समीकरण बदल सकता है।
मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच 24 मई को वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है, क्योंकि जीत उन्हें सीधे प्लेऑफ में पहुंचा देगी। वहीं हार या बारिश की वजह से मैच रद्द होने की स्थिति में टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है।
मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन उनका यह मुकाबला बाकी टीमों की किस्मत तय करने वाला है। पंजाब किंग्स की लखनऊ सुपर जायंट्स पर जीत के बाद प्लेऑफ की जंग और दिलचस्प हो गई है। फिलहाल पंजाब किंग्स 15 पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर है। अगर राजस्थान रॉयल्स मुंबई को हरा देती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर RR हारती है या मैच बारिश की वजह से धुल जाता है, तो कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच अंतिम प्लेऑफ स्थान की लड़ाई होगी। ऐसे में KKR को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
अब बात मौसम की करें तो मुंबई में दोपहर के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम रिपोर्ट के मुताबिक सुबह 11 बजे के आसपास बारिश की 10 से 20 प्रतिशत संभावना है। दोपहर 2 बजे तक यह संभावना कम हो सकती है, लेकिन 3 बजे के बाद फिर से बारिश के आसार बढ़कर करीब 35 प्रतिशत तक पहुंच सकते हैं। शाम तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
रविवार सुबह मुंबई के कई इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिली, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के फैंस की चिंता जरूर बढ़ गई। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर के बाद मौसम थोड़ा साफ रह सकता है। ऐसे में अब MI vs RR मैच में सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि मौसम की भी बड़ी भूमिका रहने वाली है। वानखेड़े में होने वाला यह मुकाबला तय करेगा कि प्लेऑफ की चौथी और आखिरी टिकट किस टीम के हाथ लगेगी।


