NST NEWS, भोपाल. मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समर कैंप ‘आरोह-2026’ को नए स्वरूप में आयोजित करने की घोषणा की है। गुरुवार को तात्या टोपे खेल स्टेडियम में आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि इस बार कैंप में खेल गतिविधियों के साथ व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 मई से प्रदेशभर में समर कैंप शुरू होगा, जिसके लिए 18 अप्रैल से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन किया जा सकेगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि इन गतिविधियों को ब्लॉक और ग्रामीण स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे जुड़ सकें।
मंत्री सारंग ने कहा कि यह समर कैंप केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक जनआंदोलन के रूप में विकसित किया जाएगा, जैसे फिट इंडिया और स्वच्छता अभियान। उनका उद्देश्य युवाओं का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास करना है, जिससे वे सशक्त व्यक्तित्व बनकर समाज और राष्ट्र के लिए योगदान दे सकें। उन्होंने कोचों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें निखारना विभाग की प्राथमिकता है। बैठक में खेल संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित प्रदेश के विभिन्न खेल अधिकारी उपस्थित रहे।


