नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी सब जूनियर लीग के फाइनल में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान छत्तीसगढ़ को 5-1 से हराकर खिताब और कैश प्राइज अपने नाम किया। मुकाबले में एमपी की खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और एकतरफा जीत दर्ज की। अब इसी मैदान पर 26 मार्च से जूनियर गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में महिला हॉकी को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हॉकी इंडिया के इस इनामी टूर्नामेंट में विजेता एमपी टीम को 1 लाख 80 हजार रुपए और उपविजेता मेजबान छत्तीसगढ़ को एक लाख 44 हजार रुपए का नकद इनाम दिया गया है। तीसरे स्थान पर हॉकी महाराष्ट्र टीम रही। जिसे 90 हजार रुपए का कैश प्राइस से संतोष करना पड़ा।
एमपी की नौशीन का कमाल: फाइनल में दागे दो गोल, टीम को दिलाई जीत
राजनांदगांव में मंगलवार, 24 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में पहला गोल छत्तीसगढ़ की सपना एक्का ने दागा और मेजबान को बढ़त दिलाई। इसके 9 मिनट बाद 17 वें मिनट में एमपी की शालनी सिंह ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में तब्दील किया। स्कोर बराबर करने के बाद एमपी की लड़कियों ने मेजबान टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। वहीं 23वें मिनट में फिर एमपी को पेनॉल्टी कार्नर मिला। जिस पर रोली बाल्मीकि ने छत्तीसगढ़ का तख्ता बजा दिया। इसी के साथ एमपी ने2-1 की बढ़त हासिल की। इसके बाद मैच के तीसरे क्वार्टर और 34वें मिनट में नौशीन ने फील्ड गोल दागकर मेजबान की उम्मीदों पर बड़ा झटका दिया। 40वें मिनट में एमपी की डिफेंडर सुदिप्ता किंडो ने पेनॉल्टी कार्नर पर गोल दागकर टीम को 4-1 की बढ़त दिलाई। एमपी के आक्रमण से घबराई छत्तीसगढ़ टीम का फायदा फारवर्ड नौशीन ने उठाया और 41वें मिनट में एक बार फिर छत्तीसगढ़ का तख्ता बजा दिया। मुकाबले में नौशीन ने दो गोल दागे।
हर मुकाबले में जीत, एमपी टीम रही टूर्नामेंट में अजेय
इस सब जूनियर हॉकी लीग में एमपी की लड़कियों ने बिना कोई मैच गंवाए सभी मुकाबले जीते हैं। अंत में फाइनल मैच में मेजबान छत्तीसगढ़ को 5-1 से रौंदा दिया।
जूनियर गर्ल्स टीम पर नजरें: खिताब दोहराने का सुनहरा मौका
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एमपी की सब जूनियर लड़कियों की खिताबी जीत पर हॉकी मध्यप्रदेश के महासचिव लोक बहादुर ने खुशी जाहिर की है और कहा कि 26 मार्च से राजनांदगांव में होने वाली जूनियर महिला हॉकी लीग में भी एमपी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी। पूरी संभावना है कि जूनियर टीम भी खिताब ले कर लौटेगी।
कैश प्राइज से नवाजी गईं चारों टीमें: शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी लीग 20 मार्च से 24 मार्च तक राजनांदगांव इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित की गई। लीग में चार टीमों- महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और मेजबान छत्तीसगढ़ ने हिस्सा लिया। इसमें विजेता एमपी को प्रथम पुरस्कार 1 लाख 80 हजार रुपए, उपविजेता छत्तीसगढ़ को 1 लाख 44 हजार रुपए कैश प्राइस दिया गया। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर ही महाराष्ट्र और राजस्थान टीम को 90-90 हजार रुपए नकद इनाम दिया गया।
हॉकी एमपी जूनियर महिला टीम घोषित: नए सितारों को मिला मौका
हॉकी इंडिया के तत्वावधान में राजनांदगांव ( छत्तीसगढ़) में 26 से 30 मार्च तक वेस्ट जोन महिला जूनियर अस्मिता लीग के लिए एमपी की टीम का ऐलान कर दिया गया है। हॉकी एमपी के महासचिव लोक बहादुर ने बताया कि एमपी टीम 25 मार्च को राजनांदगांव के लिए रवाना होगी। 26 मार्च को अपना पहला मुकाबला खेलेगी। चयनित जूनियर महिला हॉकी इस प्रकार है।
जूनियर महिला हॉकी टीम पर टिकी सबकी नजरें
कनक पाल, मिताली शर्मा, काजल,अपूर्वा बुंदेला, चंचल यादव, सुजाता जनमत, समीक्षा यादव, रितिका अहिरवार, स्नेहा पटेल, सानिया सैयद, तन्वी, अन्नू ,राधिका दंडोतिया, पूजा मांझी, आमना अजीज, पूजा कोरी, वेदिका विश्वकर्मा, महजवी मिर्जा।
टीम की मैनजर: दिव्यांशी बघेल, कोच: एम. शकील।


