वैभव सूर्यवंशी का तूफान: 93 रन की विस्फोटक पारी से 5 बड़े रिकॉर्ड किए अपने नाम

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आईपीएल 2026 में लगातार आग उगल रहा है। राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनर ने मंगलवार (19 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए कई दिग्गज खिलाड़ियों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस शानदार पारी के साथ वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने 500 रन पूरे कर लिए, वहीं 50 छक्कों का आंकड़ा भी पार कर लिया। इस मुकाबले में उन्होंने एक विश्व रिकॉर्ड समेत कुल 5 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक 13 मैचों की 13 पारियों में सिर्फ 245 गेंदों का सामना करते हुए 579 रन बना दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 50 चौके और 53 छक्के निकले हैं। मौजूदा सीजन में वैभव का बल्लेबाजी औसत 44.54 और स्ट्राइक रेट 236.33 का रहा है, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को दर्शाता है। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। आइए अब एक-एक करके जानते हैं कि वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में कौन-कौन से 5 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

1- वैभव सूर्यवंशी ने बनाया विश्व क्रिकेट का बड़ा रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी दुनिया के किसी भी टी20 टूर्नामेंट में अब 500 प्लस रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड देवदत्त पडिक्कल के नाम था जिन्होंने 2019-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक की तरफ से 19 साल की उम्र में 580 रन बनाए थे। जबकि वैभव ने 15 साल की उम्र में ही मौजूदा आईपीएल 2026 में 579 रन अपने नाम कर लिए हैं।

2- IPL में 500 रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज

साथ ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में भी सबसे युवा 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इससे पहले ऋषभ पंत ने 2018 आईपीएल में दिल्ली के लिए 20 साल की उम्र में 684 रन बनाए थे। वैभव के नाम 15 साल में ही 579 रन एक सीजन हो चुके हैं और मैच अभी बाकी हैं।

3- 50 छक्के लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज और पहले भारतीय

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल सीजन में 50 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय और सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पिछली पारी में ही अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा था। अब उनके निशाने पर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल (59) का रिकॉर्ड है। 2012 से यह रिकॉर्ड अटूट है।

4- आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड भी तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल सीजन में कम से कम 500 या उससे ज्यादा रन सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2019 आईपीएल में 205 के स्ट्राइक रेट से यह कारनामा किया था। वैभव का स्ट्राइक रेट 233 के करीब का है।

5- IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी

625 रन: यशस्वी जायसवाल (RR, 2023)
616 रन: शॉन मार्श (PBKS, 2008)
579 रन: वैभव सूर्यवंशी (RR, 2026)*
573 रन: रियान पराग (RR, 2024)
549 रन: प्रभसिमरन सिंह (PBKS, 2025)
516 रन: इशान किशन (MI, 2020)
512 रन: सूर्यकुमार यादव (MI, 2018)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here