राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय महोत्सव, प्रदेश के हर ब्लॉक में खेल-फिटनेस गतिविधियां

0

29 अगस्त को तात्या टोपे स्टेडियम से होगा शुभारंभ, साइकिल रैली और फुटबॉल मुकाबले होंगे आकर्षण का केंद्र

(NST News) भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ आवाह्न पर मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय खेल और फिटनेस महोत्सव आयोजित किया जाएगा। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर होने वाला यह आयोजन फिट इंडिया मुहिम और खेल भावना को मजबूत करेगा। 29 अगस्त को राजधानी भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम से इस खेल महोत्सव का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण विचारपुर (मिनी ब्राज़ील) और सरदारपुर गांव के बीच रोमांचक मुकाबला होगा। वहीं, प्रदेश के सभी 313 ब्लॉक्स और 85 वार्डों में खेल व फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित कर स्थानीय स्तर पर खेलों का उत्सव मनाया जाएगा।

खेल मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि इस आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेजों और खेल प्रमोटरों को जोड़ा जाएगा। 30 अगस्त को भोपाल में खेल और फिटनेस पर आधारित एक बड़ा सेमिनार होगा, जिसमें विशेषज्ञ एंटी-डोपिंग और हेल्दी लाइफस्टाइल पर मार्गदर्शन देंगे। इससे युवाओं और खिलाड़ियों को सही दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का समापन 31 अगस्त को भोपाल में फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली से होगा। यह रैली वन विहार से शुरू होकर लेक व्यू रोड होते हुए बोट क्लब पर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के साथ समाप्त होगी। मंत्री सारंग ने कहा कि यह तीन दिवसीय आयोजन प्रदेश में फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और खेल संस्कृति को गाँव-गाँव तक पहुँचाने की नई मिसाल बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here