जीत के लिए टीम इंडिया में जरूरी बदलाव, इन दो खिलाड़ियों की एंट्री

0

नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला अभी बाकी है। पहले दो मैचों को जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। अब तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया की कोशिश होगी कि वह इसे भी जीतकर भारत का सफाया कर दे, जबकि भारत कम से कम आखिरी मैच जीतने की कोशिश करेगा। पिछले दोनों मैचों के प्रदर्शन को देखकर ऐसा लगता है कि टीम इंडिया को अपनी प्लेइंग इलेवन में कम से कम दो बदलाव करने ही होंगे, क्योंकि पिछले टीम कॉम्बिनेशन के साथ जीत हासिल करना कठिन होगा।

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से बैक टू बैक दो मैच हार चुकी है। ये गिल की वनडे में कप्तानी का डेब्यू है। किसी को भी उम्मीद नहीं रही होगी गिल का आगाज वनडे में ऐसा होगा। जो टीम गिल अपनी प्लेइंग इलेवन में खिल रहे हैं, उसमें बहुत सारी खामियां हैं, लेकिन वे इसे बदलने की भी कोशिश नहीं कर रहे हैं। ना जाने गिल खुद टीम चुन रहे हैं या फिर उन्हें बनी बनाई टीम दी जाती है और उससे जीतने के लिए बोला जाता है। खैर, ये तो गिल ही जाने, लेकिन अगले मैच में उन्हें कम से दो बदलाव अपनी टीम में कर लेने चाहिए।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया तीसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन में हर हाल में कुलदीप यादव का नाम जरूर होना चाहिए। कुलदीप यादव इस वक्त गज​ब की गेंदबाजी कर रहे हैं और उनका टीम में ना खेलना समझ से परे है। ये बात और है कि कुलदीप बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं। सवाल यही है कि जब टॉप के बल्लेबाज ही बल्लेबाजी नहीं कर पाएंगे तो कुलदीप की गेंदबाजी से क्या ही फायदा होगा। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर को टीम से बाहर जाना पड़ सकता है। कुलदीप यादव विकेट लेकर टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचा सकते हैं।

इसके अलावा टीम इंडिया को अगले मैच में एक और बदलाव करने की जरूरत है, और वह है हर्षित राणा को बाहर करना। राणा कुछ रन बना रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि उन्हें टीम में रन बनाने के लिए रखा गया है या विकेट लेने के लिए। अगर उनका चयन बल्लेबाजी के लिए है तो किसी प्रॉपर बल्लेबाज को मौका देना बेहतर होगा। वहीं, अगर वे गेंदबाजी के लिए टीम में हैं तो उनकी गेंदबाजी प्रभावित रही है। ऐसे हालात में प्रसिद्ध कृष्णा को मौका देना अधिक उचित होगा। अगर यह बदलाव किया गया तो जीत की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। बाकी टीम में किसी बड़े परिवर्तन की आवश्यकता फिलहाल नहीं लगती।

तीसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here