एनएसटी न्यूज, भोपाल। बीडीसीए अंडर-22 बायज इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट के दो दिवसीय सेमीफाइनल मुकाबले में शनिवार को प्रेसिडेंट इलेवन और सेंचुरियन अकादमी के बीच फेथ क्रिकेट क्लब मैदान पर मैच की शुरुआत हुई। टॉस जीतकर सेंचुरियन अकादमी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम 52.4 ओवर में 190 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सेंचुरियन की तरफ से सौरव वर्मा ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अली ने 37 रन का योगदान दिया। प्रेसिडेंट इलेवन के गेंदबाजों ने सेंचुरियन को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। अनिमेष सिंह और मोहित भावनानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। जवाब में प्रेसिडेंट इलेवन ने संभलकर बल्लेबाजी की और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 35 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 130 रन बना लिए। टीम की ओर से तनिष्क यादव ने 44 रन और आदित्य राज तोमर ने 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। मीत त्रिपाठी 12 रन बनाकर नाबाद हैं। सेंचुरियन अकादमी की ओर से आलिफ हसन ने 2 विकेट लेकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन प्रेसिडेंट इलेवन ने मजबूत स्थिति बना ली है। अब सभी की नजरें कल खेले जाने वाले अंतिम दिन पर होंगी, जब मुकाबला फाइनल के टिकट का फैसला करेगा।

