नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ़ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज़ के लिए अपनी टीम में बदलाव किया है। लेग स्पिनर एडम ज़ैम्पा निजी कारणों से शुरुआती मैच से बाहर रहेंगे और उनकी जगह तनवीर सांगा को टीम में शामिल किया गया है। ज़ैम्पा की पत्नी हैरिएट जल्द ही दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं। परिवार के साथ रहने के लिए वे भारत दौरे के शुरुआती चरण से हटे हैं। ज़ैम्पा हाल ही में वनडे सीरीज़ के दूसरे मैच में लौटे थे, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ का ख़िताब जीता था। वे ऑस्ट्रेलिया पुरुष टीम के सबसे ज़्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं।BBL में सिडनी थंडर्स के लिए खेलने वाले 23 वर्षीय तनवीर सांगा ने 2023 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अब तक खेले गए सात टी20 मैचों में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ अपने पहले ही मुकाबले में 31 रन देकर चार विकेट झटके थे। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए और भारत ए के बीच खेले गए तीन वनडे मैचों में उन्होंने सात विकेट हासिल किए थे। टीम मैनेजमेंट के अनुसार, अगर पिच की परिस्थितियां स्पिन के अनुकूल रहीं तो सांगा और मैट कुनमन दोनों को मौका मिल सकता है। वहीं, तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड और सीन एबट सीरीज़ के बीच में टीम छोड़ देंगे, जबकि 20 वर्षीय माहली बीयर्डमैन तीसरे मैच से टीम से जुड़ेंगे और उनका टी20 डेब्यू संभव है।


