नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे चरण के मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पांडिचेरी के खिलाफ पहली पारी में 333 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से करन शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शिवम मावी ने अर्धशतक लगाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। हालांकि, टीम के कई प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कप्तान आर्यन जुयाल के अलावा रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी और माधव कौशिक का बल्ला भी खामोश रहा। पांडिचेरी की ओर से सागर उदेशी ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए और उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
करन शर्मा का रणजी ट्रॉफी में शतक
यूपी के लिए इस मैच में टीम के सीनियर व अनुभवी बल्लेबाज करन शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 6 छक्के और 13 चौकों की मदद से 342 गेंदों पर 167 रन की पारी खेली। करन शर्मा के अलावा टीम का अन्य कोई भी बल्लेबाज ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं कर पाया। हालांकि निचले क्रम के बैटर शिमव मावी ने अच्छा दम दिखाया और उन्होंने 88 गेंदों पर एक छक्का और 5 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली। करन और शिवम मावी के बीच 7वें विकेट के लिए 87 रन की अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
रणजी ट्रॉफी में रिंकू सिंह खाता भी नहीं खोल पाए
यूपी के धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह इस मैच में खाता भी नहीं खोल पाए और वो 2 गेंदों का सामना करते हुए डक पर आउट हो गए। यूपी के ओपनर अभिषेक गोस्वामी भी पहली पारी में ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं कर पाए और वो 5 गेंदों पर 2 रन ही बना पाए जबकि दूसरे ओपनर माधव कौशिक ने 38 गेंदों पर 23 रन बनाए। कप्तान आर्यन जुयाल ने 88 गेंदों का सामना करते हुए 22 रन बनाए तो वहीं अराध्य यादव ने 15 रन का योगदान दिया।
यूपी के लिए अराध्य यादव ने पहली पारी में 33 गेंदों पर 15 रन जबकि जीशान अंसारी ने 58 गेंदों पर 19 रन बनाए। इनके अलावा कार्तिक यादव ने 42 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली तो वहीं यश दयान ने 3 रन का योगदान दिया। करन शर्मा और यश जयाल ने 9वें विकेट के लिए 94 गेंदों पर 52 रन की साझेदारी की। पांडिचेरी के लिए इस मैच में सागर उदेशी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए तो वहीं अंकित शर्मा को 3 सफलता मिली।


